कीव, 27 मई (एपी) रूसी संसद के निचले सदन द्वारा अनुमोदित एक महत्वाकांक्षी योजना के तहत रूसी बैंक कर्मचारी यूक्रेनी ड्रोन हमलों के खिलाफ लड़ाई में शामिल हो सकते हैं।
मंगलवार को पारित मसौदा विधेयक के अनुसार, बैंकों को अपने परिसरों में ‘इलेक्ट्रॉनिक जैमिंग सिस्टम’ स्थापित करने की लागत वहन करनी होगी, जबकि चयनित कर्मचारी आने वाले ड्रोन को मार गिराएंगे।
सरकारी समाचार एजेंसी ‘इंटरफैक्स’ के अनुसार, यह विधेयक पहली बार पिछले अगस्त में पेश किया गया था और बाद में इसका दायरा बढ़ाया गया था। इसे लागू होने से पहले ऊपरी सदन ‘फेडरेशन काउंसिल’ से मंजूरी मिलना जरूरी है इसके बाद राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इस पर हस्ताक्षर करेंगे।
रूस को यूक्रेन के लंबी दूरी के ड्रोन हमलों से अपने विशाल भूभाग की रक्षा करने में कठिनाई हो रही है। विश्लेषकों और अधिकारियों का कहना है कि छोटे ड्रोन 1,250 किलोमीटर लंबी अग्रिम पंक्ति पर रूसी सैनिकों को रोके हुए हैं और रूसी सेना की आपूर्ति शृंखला को बाधित कर रहे हैं।
मॉस्को के आक्रमण के बाद शुरू हुए युद्ध में रूसी बैंक यूक्रेनी ड्रोन हमलों के प्रमुख लक्ष्य नहीं रहे हैं। विधेयक में बहुत कम जानकारी होने के कारण, इस परियोजना के संचालन को लेकर कई सवाल उठते हैं।
साजो सामान की तैनाती और कर्मचारियों को उनके उपयोग का प्रशिक्षण देने के लिए एक विशाल संगठनात्मक प्रयास की आवश्यकता होगी।
एपी शोभना प्रशांत
प्रशांत