बार्सिलोना, 27 मई (एपी) स्पेन की पुलिस ने सत्तारूढ़ सोशलिस्ट पार्टी के मुख्यालय की बुधवार को तलाशी ली। यह तलाशी पार्टी के एक सदस्य से जुड़े संभावित वित्तीय कदाचार की जांच के तहत की गई।
मध्य मैड्रिड में यह छापेमारी प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज़ की पार्टी के लिए एक और झटका है। उनकी सोशलिस्ट पार्टी भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरी है।
रोम में एक संवाददाता सम्मेलन में सांचेज ने कहा, ‘‘हम न्याय व्यवस्था का सम्मान करते हैं। हम अदालतों के साथ सहयोग करेंगे और सोशलिस्ट पार्टी में यह प्रतिबद्धता है कि यदि अनुचित व्यवहार के नए मामले सामने आते हैं, तो हम उसी दृढ़ता के साथ कार्रवाई करेंगे जैसा हम हमेशा करते आए हैं।’’
सांचेज 2018 से प्रधानमंत्री पद संभाल रहे हैं और उन्होंने समय से पहले चुनाव कराने की संभावना को खारिज कर दिया है।
सिविल गार्ड ने बताया कि यह तलाशी राष्ट्रीय न्यायालय के न्यायाधीश सैंटियागो पेड्राज़ के नेतृत्व में सोशलिस्ट पार्टी की सदस्य लीरे डिएज और अन्य लोगों के संभावित कदाचार की जांच तक ही सीमित थी।
डिएज के खिलाफ मामला 2025 में शुरू हुआ जब स्पेन की मीडिया में ऑडियो रिकॉर्डिंग सामने आईं, जिनमें सिविल गार्ड की भ्रष्टाचार विरोधी इकाई के एक सदस्य को बदनाम करने के प्रयासों में उनकी कथित संलिप्तता दिखाई दे रही थी।
पार्टी छोड़ चुकी डिएज़ ने इन अरोपों को खारिज किया है।
एपी शोभना नरेश
नरेश