पेशावर, एक जुलाई (भाषा) पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बुधवार को एक झील में एक ही परिवार के नौ सदस्यों को ले जा रही नाव पलट जाने से कम से कम छह पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लापता हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह हादसा लोकप्रिय पर्यटन स्थल अपर स्वात जिले की कलाम घाटी स्थित सैफुल्लाह झील में हुआ।
पुलिस के अनुसार, झील में सैर के दौरान नाव पलटने पर उसमें सवार सभी नौ यात्री एक ही परिवार के सदस्य थे।
हादसे की सूचना मिलने के बाद रेस्क्यू 1122 स्वात की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया।
अधिकारियों ने बताया कि महोदंद क्षेत्र के पास झील से छह शव बरामद किए गए, जबकि लापता तीन व्यक्तियों की तलाश के लिए खोज अभियान जारी है।
भाषा तान्या अमित
अमित