श्रीलंका ने निलंबित सरकारी अधिकारी के शव के पोस्टमार्टम के लिए पैनल नियुक्त किया

Ads

श्रीलंका ने निलंबित सरकारी अधिकारी के शव के पोस्टमार्टम के लिए पैनल नियुक्त किया

  •  
  • Publish Date - May 1, 2026 / 05:51 PM IST,
    Updated On - May 1, 2026 / 05:51 PM IST

कोलंबो, एक मई (भाषा) श्रीलंका ने शुक्रवार को सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी के शव का पोस्टमार्टम करने के लिए चार सदस्यीय विदेशी विशेषज्ञों के पैनल की नियुक्ति की।

अधिकारी को उनके पद से निलंबित कर दिया गया था, जिसके कुछ सप्ताह बाद उनका शव उनके घर पर से बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र के कुलियापिटिया स्थित घर में 48 वर्षीय रंगना निशांत राजपक्षे ने आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने बताया कि राजपक्षे का शव उनके घर के पीछे वाले हिस्से में मिला और शव पर गहरे घाव के निशान थे।

वह वित्त मंत्रालय के बाह्य संसाधन विभाग में सहायक निदेशक के पद पर तैनात थे।

वित्त मंत्रालय के खाते की कथित हैकिंग से जुड़े 25 लाख अमेरिकी डॉलर के नुकसान के मामले में मार्च में निलंबित किए गए छह अधिकारियों में राजपक्षे भी शामिल थे।

इस मामले की जांच अब भी जारी है।

श्रीलंका की मुख्य विपक्षी पार्टी समागी जना बलवेगया (एसजेबी) ने पिछले सप्ताह कथित हैकिंग के कारण हुए राजस्व नुकसान को लेकर सरकार पर दबाव बनाया।

वित्त मंत्रालय के सचिव हर्षना सुरियाप्पेरुमा ने जनवरी में ऑस्ट्रेलिया को विदेशी ऋण भुगतान के सिलसिले में वित्त मंत्रालय के खाते से 25 लाख अमेरिकी डॉलर के गबन की पुष्टि की।

यह 229 लाख अमेरिकी डॉलर के बड़े ऋण निपटान का एक हिस्सा था।

भाषा जितेंद्र नरेश

नरेश