दक्षिण-पश्चिम ईरान में हवाई हमलों में तीन लोगों की मौत, कई घायल: ईरानी सरकारी मीडिया

Ads

दक्षिण-पश्चिम ईरान में हवाई हमलों में तीन लोगों की मौत, कई घायल: ईरानी सरकारी मीडिया

  •  
  • Publish Date - April 5, 2026 / 08:14 AM IST,
    Updated On - April 5, 2026 / 08:14 AM IST

दुबई, पांच अप्रैल (एपी) दक्षिण-पश्चिम ईरान में किए गए हवाई हमलों में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। ईरान की सरकारी मीडिया ने यह जानकारी दी है।

यह हमला उसी क्षेत्र में हुआ, जहां अमेरिकी चालक दल के एक सदस्य के लापता होने की आशंका जताई जा रही है।

इस बीच, संयुक्त सैन्य कमान के प्रमुख जनरल अली अब्दुल्ला अलीबादी ने चेतावनी दी कि यदि ईरान के विरुद्ध आक्रामकता बढ़ती है, तो उनका देश क्षेत्र में अमेरिकी सेना द्वारा उपयोग किए जा रहे हर प्रकार के ढांचे को निशाना बनाएगा, साथ ही इजराइल के बुनियादी ढांचे पर भी प्रहार करेगा।

सरकारी मीडिया द्वारा शनिवार शाम प्रसारित उनके ये बयान उस चेतावनी के कुछ घंटों बाद आए, जब ट्रंप ने ईरान को होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने या फिर विनाशकारी परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।

सरकारी मीडिया के अनुसार, अलीबादी ने ट्रंप की हालिया धमकी के जवाब में कहा, “यदि ईरान के बुनियादी ढांचे पर हमला किया गया, तो दुश्मनों के लिए जहन्नुम के दरवाजे खोल दिए जाएंगे।”

ट्रंप ने शनिवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा, “याद है जब मैंने ईरान को समझौता करने या होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने के लिए दस दिन का समय दिया था?”

उन्होंने कहा, “समय तेजी से बीत रहा है – 48 घंटे बाद उन पर कहर टूट पड़ेगा।”

अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हमलों के साथ 28 फरवरी को शुरू हुए इस संघर्ष में अब तक हजारों लोगों की जान जा चुकी है। इसने वैश्विक बाजारों को हिलाकर रख दिया है, अहम समुद्री मार्गों को बाधित कर दिया है और ईंधन की कीमतों में तेज उछाल ला दिया है।

एपी खारी सुरभि

सुरभि