वाशिंगटन, एक मई (एपी) ट्रंप प्रशासन कांग्रेस (अमेरिकी संसद) से युद्ध की मंजूरी लेने की आवश्यकता से बचने के लिए तर्क दे रहा है कि अप्रैल में शुरू हुए युद्धविराम समझौते के बाद ईरान में युद्ध समाप्त हो गया है।
यह बयान रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ द्वारा बृहस्पतिवार को सीनेट के समक्ष दिए गए बयान की पुष्टि करता है, जिसमें उन्होंने कहा था कि युद्धविराम ने प्रभावी रूप से युद्ध को रोक दिया है।
इस आधार पर ट्रंप प्रशासन 1973 के कानून द्वारा अनिवार्य उस शर्त को पूरा नहीं कर रहा है जिसके तहत 60 दिनों से अधिक की सैन्य कार्रवाई के लिए संसद से औपचारिक स्वीकृति आवश्यक है। नाम नहीं प्रकाशित करने की शर्त पर एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि उस कानून के हिसाब से, ‘‘28 फरवरी शनिवार को शुरू हुआ युद्ध समाप्त हो गया है।’’
अधिकारी ने कहा कि सात अप्रैल से शुरू हुए दो सप्ताह के युद्धविराम के बाद से अमेरिकी सेना और ईरान के बीच गोलीबारी नहीं हुई है। हालांकि युद्धविराम के समय को बढ़ा दिया गया है और ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपना नियंत्रण बनाए रखा है वहीं ईरान के तेल टैंकर को समुद्र में जाने से रोकने के लिए अमेरिका की नाकाबंदी जारी है।
राष्ट्रपति की सैन्य शक्तियों को नियंत्रित करने वाले कानून ‘वॉर पावर्स रिजोल्यूशन’ के तहत, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पास शुक्रवार तक संसद से अनुमति लेने या युद्ध रोकने का समय था। यह कानून प्रशासन को इस समय सीमा को 30 दिन तक बढ़ाने की अनुमति भी देता है।
एपी यासिर अविनाश
अविनाश