ट्रंप के विशेष दूत गोर ने नेपाल की यात्रा संपन्न की

Ads

ट्रंप के विशेष दूत गोर ने नेपाल की यात्रा संपन्न की

  •  
  • Publish Date - May 3, 2026 / 10:46 PM IST,
    Updated On - May 3, 2026 / 10:46 PM IST

(शिरीष बी प्रधान)

काठमांडू, तीन मई (भाषा) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दक्षिण और मध्य एशिया के लिए विशेष दूत सर्जियो गोर ने कई उच्च स्तरीय बैठकें कर नेपाल की अपनी ‘‘अत्यंत सार्थक’’ यात्रा संपन्न की।

गोर ने शनिवार को नेपाल का अपना तीन दिवसीय दौरा संपन्न किया।

उन्होंने कहा, ‘‘अमेरिका नवाचार में अग्रणी है, और हमें नेपाल में अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी लाने के लिए स्थानीय नेपाली कंपनियों के साथ साझेदारी करने में खुशी हो रही है।’’ उन्होंने अपनी यात्रा को ‘‘अत्यंत सार्थक’’ बताया।

काठमांडू स्थित अमेरिकी दूतावास द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गोर ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि नेपाल की नवगठित सरकार दोनों देशों के बीच साझेदारी को बढ़ाने के लिए काम करेगी।’’

अपनी यात्रा के दौरान, उन्होंने सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के अध्यक्ष रबी लामिछाने, विदेश मंत्री शिशिर खनाल और वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले के साथ उच्च स्तरीय बैठकें कीं।

उन्होंने इस आधिकारिक यात्रा के दौरान नेपाल के प्रमुख कारोबारियों के साथ बैठक भी की।

विज्ञप्ति के अनुसार, गोर ने अमेरिकी वाणिज्यिक ड्रोन प्रौद्योगिकी और एवरेस्ट सफाई अभियान का नेतृत्व कर रहे नेपाली संगठनों की योजनाओं के बारे में जानकारी लेने के लिए एवरेस्ट आधार शिविर का भी दौरा किया।

इसमें कहा गया है, ‘‘नयी ड्रोन प्रौद्योगिकी से माउंट एवरेस्ट पर कुछ ही मिनट में सामान पहुंचाना संभव हो जाएगा, जबकि पहले इसमें कई दिन लगते थे।’’

भाषा सुभाष शफीक

शफीक