अमेरिका ने मालदीव के साथ रक्षा सहयोग समझौता किया

Ads

अमेरिका ने मालदीव के साथ रक्षा सहयोग समझौता किया

  •  
  • Publish Date - September 12, 2020 / 06:09 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:53 PM IST

(ललित के झा)

वाशिंगटन, 12 सितंबर (भाषा) हिंद महासागर में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अमेरिका ने मालदीव के साथ एक रक्षा सहयोग कार्यढांचे पर हस्ताक्षर किये हैं। अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन की तरफ से शुक्रवार को यह घोषणा की गई।

पेंटागन ने कहा कि फिलाडेल्फिया में 10 सितंबर को दक्षिण और दक्षिणपूर्व एशिया के लिये उप सहायक रक्षा मंत्री रीड वर्नर और मालदीव की रक्षामंत्री मारिया दीदी ने रक्षा व सुरक्षा समझौते के लिये कार्यढांचे पर हस्ताक्षर किये।

अमेरिकी रक्षा विभाग ने कहा, “यह रूपरेखा हिंद महासागर में शांति व सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दोनों देशों के गहरे संबंधों और सहयोग को निर्धारित करने के साथ ही रक्षा साझेदारी की दिशा में आगे की तरफ बढ़ाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है।”

उसने कहा कि वर्नर और दीदी ने इस द्वीपीय राष्ट्र के कोविड-19 से निपटने में अमेरिका की मदद के साथ ही उन विषयों पर भी चर्चा की जिनमें भविष्य में सहयोग की गुंजाइश है। दोनों के बीच पहले ‘रक्षा और सुरक्षा संवाद’ का कार्यक्रम तय करने को लेकर भी सहमति बनी।

पेंटागन ने कहा कि दोनों पक्षों ने स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत को लेकर अपनी प्रतिबद्धता जताई जो क्षेत्र के सभी राष्ट्रों की सुरक्षा और समृद्धि को बढ़ावा देता है।

भाषा

प्रशांत पवनेश

पवनेश