तेहरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर अमेरिका, ईरान के बीच अप्रत्यक्ष वार्ता ‘अच्छी शुरुआत’ : अराघची

Ads

तेहरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर अमेरिका, ईरान के बीच अप्रत्यक्ष वार्ता ‘अच्छी शुरुआत’ : अराघची

  •  
  • Publish Date - February 6, 2026 / 10:06 PM IST,
    Updated On - February 6, 2026 / 10:06 PM IST

मस्कट, छह फरवरी (एपी) ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर ओमान की मध्यस्थता में तेहरान और वाशिंगटन के बीच शुक्रवार को मस्कट में अप्रत्यक्ष वार्ता हुई।

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने वार्ता को “एक बहुत अच्छी शुरुआत” करार दिया। हालांकि, ईरान और अमेरिका के वार्ताकारों ने मस्कट के बाहरी इलाके में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास स्थित एक पैलेस में ओमान के शीर्ष राजनयिक के साथ अलग-अलग बैठक की।

अराघची और ओमानी मध्यस्थों ने कहा कि वार्ता भविष्य में बातचीत का रास्ता तलाशने पर केंद्रित थी। इसे ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर दोनों पक्षों के बीच बातचीत फिर से शुरू होने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है, जो पिछले साल जून में उस समय विफल हो गई थी, जब इजराइल ने तेहरान पर हमला कर दिया था। दोनों देशों के बीच 12 दिनों तक चले युद्ध के दौरान अमेरिका ने भी ईरान के परमाणु ठिकानों पर बम बरसाए थे, जिससे यूरेनियम संवर्द्धन के काम में जुटे कई सेंट्रीफ्यूज संभवत: नष्ट हो गए थे।

बातचीत में वाशिंगटन का प्रतिनिधित्व पश्चिम एशिया के लिए अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर ने किया। हालांकि, उनकी तरफ से इस घटनाक्रम पर फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

इस बीच, एक असामान्य घटनाक्रम के तहत अमेरिकी नौसेना के शीर्ष अधिकारी एडमिरल ब्रैड कूपर भी बैठक में शामिल हुए। कूपर अमेरिकी सेना की केंद्रीय कमान के प्रमुख हैं। बैठक में उनकी भागीदारी को ईरान के लिए इस संकेत के रूप में देखा जा रहा है कि अगर वार्ता विफल होती है, तो वाशिंगटन अभी भी उस पर हमला कर सकता है।

ईरान और अमेरिका के वार्ताकारों के काफिले ओमान के शीर्ष राजनयिक के साथ अलग-अलग बैठक के लिए मस्कट पहुंचे।

समाचार एजेंसी ‘एसोसिएटेड प्रेस’ के संवाददाताओं ने ईरानी अधिकारियों को मस्कट के बाहरी इलाके में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास स्थित एक पैलेस में देखा।

संवाददाताओं के मुताबिक, ईरानी अधिकारियों का काफिला कुछ देर बाद पैलेस से कुछ दूर स्थित एक होटल के लिए रवाना हो गया। इस बीच, ईरान के सरकारी मीडिया ने पुष्टि की कि विदेश मंत्री अब्बास अराघची मस्कट में अपने ओमानी समकक्ष बद्र अल-बुसैदी से मिले।

‘एसोसिएटेड प्रेस’ के संवाददाताओं के अनुसार, ईरानी अधिकारियों के पैलेस से रवाना होने के बाद एक अन्य काफिला वहां दाखिल हुआ, जिसमें शामिल एक एसयूवी पर अमेरिकी झंडा लहरा रहा था। संवाददाताओं ने बताया कि यह काफिला लगभग डेढ़ घंटे तक पैलेस में रुका और फिर वहां से रवाना हो गया।

ओमान के विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर बताया कि अल-बुसैदी ने पहले अराघची और फिर पश्चिम एशिया के लिए अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ तथा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर से अलग-अलग मुलाकात की।

बयान में कहा गया है, “बातचीत मुख्यत: राजनयिक और तकनीकी वार्ताओं को फिर से शुरू करने के लिए उपयुक्त परिस्थितियां तैयार करने पर केंद्रित थी, क्योंकि दोनों पक्ष स्थायी सुरक्षा और स्थिरता हासिल करने के लिए इनकी सफलता सुनिश्चित करने के वास्ते दृढ़ संकल्पित हैं।”

‘एसोसिएटेड प्रेस’ के अनुसार, अमेरिकी और ईरानी अधिकारियों के काफिले को मस्कट के बाहरी इलाके में जिस पैलेस में प्रवेश करते देखा गया, उसका इस्तेमाल ओमान ने 2025 में ईरान और अमेरिका के बीच हुई पिछली वार्ताओं में भी किया था।

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी ‘आईआरएनए’ ने बताया कि अराघची कई ईरानी राजदूतों के साथ बृहस्पतिवार रात मस्कट पहुंचे।

अराघची ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “ईरान स्पष्ट दृष्टिकोण और बीते साल की घटनाओं को स्मृति में रखते हुए कूटनीति शुरू कर रहा है। प्रतिबद्धताओं का सम्मान किया जाना चाहिए।” उन्होंने लिखा, “समान दर्जा, आपसी सम्मान और आपसी हित केवल खोखले वादे नहीं हैं – ये अनिवार्य हैं और एक टिकाऊ समझौते के स्तंभ हैं।”

बाद में अराघची ने मस्कट से ईरान के सरकारी टेलीविजन चैनल को दिए साक्षात्कार में कहा कि शुक्रवार को हुई वार्ता का मुख्य उद्देश्य आगे की बातचीत के लिए एक ढांचा तैयार करना था।

उन्होंने कहा, “हम अगले कदमों के सिलसिले में अपनी-अपनी राजधानियों के साथ परामर्श करेंगे और इसके निष्कर्षों के बारे में ओमान के विदेश मंत्री को सूचित किया जाएगा।”

अराघची ने कहा, “जो अविश्वास पैदा हुआ है, वह वार्ता के सामने एक गंभीर चुनौती है। हमें पहले इस मुद्दे को सुलझाना होगा और फिर वार्ता के अगले चरण में प्रवेश करना होगा।”

एपी पारुल दिलीप

दिलीप