अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो आसियान और क्वाड बैठकों में शामिल होने के लिए फिलीपीन रवाना

Ads

अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो आसियान और क्वाड बैठकों में शामिल होने के लिए फिलीपीन रवाना

  •  
  • Publish Date - July 20, 2026 / 12:04 PM IST,
    Updated On - July 20, 2026 / 12:04 PM IST

(सागर कुलकर्णी)

वाशिंगटन, 20 जुलाई (भाषा) अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो आसियान की बैठकों में शामिल होने के लिए फिलीपीन रवाना हो गए हैं, जहां वह ‘क्वाड’ (चतुष्पक्षीय सुरक्षा संवाद) समूह के मंत्रियों के साथ भी चर्चा करेंगे।

मनीला में इस सप्ताह होने वाली क्वाड मंत्रिस्तरीय बैठक दो महीने में समूह की दूसरी बैठक होगी।

पिछली क्वाड मंत्रिस्तरीय बैठक मई में नयी दिल्ली में हुई थी, जिसमें विदेश मंत्री एस. जयशंकर, जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी, ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग और रुबियो शामिल हुए थे।

रुबियो रविवार शाम वाशिंगटन के निकट मैरीलैंड स्थित ज्वाइंट बेस एंड्रयूज से मनीला के लिए रवाना हुए।

रवानगी से पहले रुबियो ने कहा, ‘‘यह शिखर सम्मेलन आसियान, इस क्षेत्र के साथ जुड़ने का हमारा प्रमुख माध्यम है। हम इसके लिए प्रतिबद्ध हैं। मैं पिछले साल भी इसमें शामिल हुआ था। जब राष्ट्रपति नेताओं के शिखर सम्मेलन में गए थे, तब भी मैं उनके साथ गया था। और हम इस साल फिर इसमें शामिल होने जा रहे हैं। इससे हमें न केवल इस बैठक में भाग लेने का अवसर मिलेगा, बल्कि कई द्विपक्षीय बैठकें करने का मौका भी मिलेगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम भारत, ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका वाले क्वाड समूह के साथ भी बैठक करेंगे। हम दक्षिण कोरिया और जापान के साथ एक त्रिपक्षीय बैठक भी करेंगे, जो एक अन्य मंच है, जहां हम सहयोग को आगे बढ़ाते हैं।’’

भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर भी क्वाड बैठक में शामिल होंगे।

भाषा तान्या गोला

गोला