मुइज्जू के ईरान युद्ध की आलोचना करने पर अमेरिका ने मालदीव से स्पष्टीकरण मांगा

Ads

मुइज्जू के ईरान युद्ध की आलोचना करने पर अमेरिका ने मालदीव से स्पष्टीकरण मांगा

  •  
  • Publish Date - May 1, 2026 / 09:53 AM IST,
    Updated On - May 1, 2026 / 09:53 AM IST

(सागर कुलकर्णी)

वाशिंगटन, एक मई (भाषा) मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू द्वारा ईरान के साथ युद्ध को लेकर अमेरिका की आलोचना किए जाने के कुछ दिनों बाद अमेरिका ने इस बारे में स्पष्टीकरण मांगा है।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत सर्जियो गोर और विदेश मंत्रालय की उप सहायक मंत्री बेथनी मॉरिसन ने मालदीव की विदेश मंत्री इरुथिशम आदम से बुधवार को बातचीत कर अमेरिका-मालदीव संबंधों पर चर्चा की। इसी दौरान अमेरिका ने मुइज्जू के बयान को लेकर मालदीव के समक्ष यह मुद्दा उठाया।

मुइज्जू ईरान पर हमलों को लेकर अमेरिका और इजराइल की आलोचना करते रहे हैं। उन्होंने कई बार कहा है कि वह मुस्लिम बहुल मालदीव के किसी भी क्षेत्र का इस्तेमाल किसी भी रूप में युद्ध में मदद के लिए नहीं होने देंगे।

अमेरिका के दक्षिण एवं मध्य एशियाई मामलों के ब्यूरो ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘फोन पर बातचीत के दौरान विदेश मंत्री ने मालदीव के राष्ट्रपति के हालिया बयानों पर स्पष्टीकरण देने में मदद की। मंत्री ने दोहराया कि मालदीव के राष्ट्रपति सकारात्मक संबंध चाहते हैं।’’

मालदीव के राष्ट्रपति ने मार्च में माले की यात्रा पर आए गोर से मिलने से इनकार कर दिया था। गोर दक्षिण एवं मध्य एशिया के लिए ट्रंप के विशेष दूत हैं।

गोर ने हालांकि, मालदीव की यात्रा के दौरान 23 मार्च को वहां के विदेश और रक्षा मंत्रियों से मुलाकात की थी।

अमेरिका-मालदीव राजनयिक संबंधों के 60 वर्ष पूरे हो गए हैं।

भाषा सिम्मी अविनाश

अविनाश