नयी दिल्ली, आठ मई (भाषा) अकासा एयर ने अपने विमान वित्तपोषण और पट्टे से जुड़ी गतिविधियों को मजबूत करने के लिए गुजरात की गिफ्ट सिटी में एक इकाई स्थापित की है।
करीब चार साल पुरानी इस विमानन कंपनी ने गांधीनगर स्थित गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी (गिफ्ट सिटी) में ‘अकासा एयर लीजिंग आईएफएससी प्राइवेट लिमिटेड’ (एएएलआई) की स्थापना की है।
विमानन कंपनी ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि एएएलआई का कार्यालय उसकी विमान वित्तपोषण रणनीति को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे लागत दक्षता और वैश्विक पूंजी बाजारों तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित होगी।
बयान में कहा गया, ‘‘ समय के साथ एएएलआई से विमानन कंपनी के अधिकतर विमानों का वित्तपोषण होने की उम्मीद है। साथ ही घरेलू स्तर पर पट्टे की क्षमता भी मजबूत होगी।’’
अकासा एयर के पास वर्तमान में 38 बोइंग 737 मैक्स विमान हैं। कंपनी ने ऐसे 226 विमानों का ऑर्डर दिया है।
एयर इंडिया और इंडिगो की भी गिफ्ट सिटी में विमान पट्टे से जुड़ी इकाइयां हैं।
भाषा निहारिका रमण
रमण