पटना, 14 मई (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि अगले पांच साल में राज्य में हवाई संपर्क को 10 गुना बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि प्रदेश से हर वर्ष चार से पांच करोड़ लोग हवाई यात्रा कर सकें।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दरभंगा हवाई अड्डे की सुरक्षा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) को सौंपे जाने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करने के दौरान यह बात कही।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम का आयोजन सीमित स्तर पर किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देशवासियों से ईंधन की बचत और अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित करने तथा आवश्यकतानुसार कम वाहनों के उपयोग का आह्वान किया है। इसी के अनुरूप राज्य सरकार ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को न्यूनतम वाहनों के उपयोग के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि मिथिला की धरती भारतीय संस्कृति को समृद्ध बनाने वाली भूमि है और यहां के उत्पादों की पहचान वैश्विक स्तर पर तेजी से बढ़ रही है।
चौधरी ने कहा कि मखाना को आज दुनिया ‘सुपर फूड’ के रूप में जानती है और इसकी पहचान मिथिलांचल से जुड़ी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2005-06 में बिहार से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या लगभग 2.5 लाख थी, जो अब बढ़कर 50 लाख से अधिक हो गई है।
भाषा कैलाश रवि कांत योगेश अजय
अजय