भागलपुर में कोयला ब्लॉक की होगी खोज, औद्योगिक विकास को मिलेगी नई गति: जिलाधिकारी

Ads

भागलपुर में कोयला ब्लॉक की होगी खोज, औद्योगिक विकास को मिलेगी नई गति: जिलाधिकारी

  •  
  • Publish Date - June 3, 2026 / 09:37 PM IST,
    Updated On - June 3, 2026 / 09:37 PM IST

भागलपुर, तीन जून (भाषा) बिहार के भागलपुर जिले में कोयला ब्लॉक (कोयला भंडार) की खोज की जाएगी। जिला प्रशासन ने इसे जिले के औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।

जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कोयला भंडार की खोज न केवल ऊर्जा क्षेत्र को मजबूती प्रदान करेगी, बल्कि जिले में बड़े निवेश और उद्योगों की स्थापना के लिए भी नई संभावनाओं के द्वार खोलेगी।

उन्होंने कहा कि भागलपुर उद्योगों की स्थापना के लिए अनुकूल परिस्थितियों वाला जिला बनकर उभर रहा है। जिले में संभावित कोयला भंडार के साथ-साथ गंगा नदी के रूप में प्रचुर जल संसाधन तथा ऊर्जा उत्पादन के लिए आवश्यक आधारभूत संरचना पहले से उपलब्ध है।

जिलाधिकारी ने बताया कि कहलगांव स्थित एनटीपीसी देश के प्रमुख विद्युत उत्पादन केंद्रों में से एक है, जबकि पीरपैंती में अदाणी समूह के एक बड़े सौर बिजली संयंत्र की स्थापना की प्रक्रिया भी जारी है। ऐसे में जिले में उपलब्ध होने वाला कोयला स्थानीय स्तर पर उपयोग किया जा सकेगा, जिससे ऊर्जा उत्पादन और औद्योगिक गतिविधियों को विशेष बल मिलेगा।

उन्होंने कहा कि कोयला ब्लॉक के विकास से संबंधित प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रियाओं की राज्य सरकार लगातार निगरानी कर रही है। बिहार के मुख्य सचिव द्वारा परियोजना की नियमित समीक्षा की जा रही है तथा प्रशासन की ओर से मांगी गई सभी आवश्यक रिपोर्ट समय पर उपलब्ध करा दी गई हैं। निविदा प्रक्रिया भी निर्धारित चरणों के अनुसार आगे बढ़ रही है।

निवेश की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए डॉ. चौधरी ने कहा कि यह परियोजना निवेशकों के लिए ‘‘स्वर्णिम अवसर’’ साबित हो सकती है। कहलगांव क्षेत्र पहले से ही औद्योगिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा है और अब कोयला ब्लॉक, एनटीपीसी तथा प्रस्तावित पीरपैंती बिजली संयंत्र के साथ यह क्षेत्र बड़े औद्योगिक निवेश का केंद्र बन सकता है।

सं भाषा कैलाश धीरज अजय

अजय