एशिया प्रशांत क्षेत्र में कोका-कोला के राजस्व में चौथी तिमाही में गिरावट

Ads

एशिया प्रशांत क्षेत्र में कोका-कोला के राजस्व में चौथी तिमाही में गिरावट

  •  
  • Publish Date - February 11, 2026 / 06:02 PM IST,
    Updated On - February 11, 2026 / 06:02 PM IST

नयी दिल्ली, 11 फरवरी (भाषा) एशिया प्रशांत क्षेत्र में वैश्विक शीतल पेय कंपनी कोका-कोला के राजस्व में 2025 की चौथी तिमाही में गिरावट दर्ज की गई है।

हालांकि, कंपनी के नेतृत्व ने कहा कि उसे भारत में वृद्धि की उम्मीद है, जिसे कंपनी भविष्य का बाजार मानती है और यहां वह अपने बॉटलिंग साझेदारों के साथ मिलकर पहले से निवेश करती रहेगी।

एशिया प्रशांत क्षेत्र में कोका-कोला की शुद्ध परिचालन आय सात प्रतिशत घटकर 1.13 अरब अमेरिकी डॉलर रह गई।

कोका-कोला के नामित मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) हेनरिक ब्रौन ने निवेशकों से बातचीत के दौरान कहा, ‘‘एशिया प्रशांत क्षेत्र में हमने बेहतर बाजार हिस्सेदारी हासिल की और बिक्री की मात्रा स्थिर रही, लेकिन तिमाही के दौरान राजस्व और मुनाफा घट गया।’’

उन्होंने यह भी कहा कि भारत लंबी अवधि में बिक्री वृद्धि में योगदान देने वाला बाजार है और कंपनी यहां निवेश जारी रखेगी।

ब्रौन ने कहा कि भारत में कोका-कोला और अन्य पेय कंपनियों को मौसमी बदलावों जैसे बारिश और अन्य कारकों का असर झेलना पड़ता है, जिससे व्यापार प्रभावित हुआ है।

भारत कंपनी के लिए पांचवां सबसे बड़ा बाजार है।

कंपनी के चेयरमैन और सीईओ जेम्स क्विंसी ने कहा, ‘भारत लंबी अवधि में बिक्री वृद्धि में योगदान देगा, लेकिन इसे फिर से विकसित करने की आवश्यकता है। हमें उम्मीद है कि यह साल के दौरान तेजी से बढ़ेगा। इसी तरह, चीन चौथी तिमाही में थोड़ा कमजोर रहा और हम उम्मीद कर रहे हैं कि यह साल के दौरान फिर से मजबूत होगा।’

भाषा योगेश अजय

अजय