दिल्ली बजट: पशु चिकित्सालयों के लिए 62.6 करोड़ रुपये, 10 नई गौशालाओं की घोषणा

Ads

दिल्ली बजट: पशु चिकित्सालयों के लिए 62.6 करोड़ रुपये, 10 नई गौशालाओं की घोषणा

  •  
  • Publish Date - March 24, 2026 / 09:59 PM IST,
    Updated On - March 24, 2026 / 09:59 PM IST

नयी दिल्ली, 24 मार्च (भाषा) दिल्ली सरकार ने पशु चिकित्सालयों के निर्माण और आधुनिकीकरण के लिए 62.6 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। साथ ही, शहर में 10 नयी गौशालाएं स्थापित करने की भी योजना है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश करते हुए कहा कि सरकार का दृष्टिकोण केवल मानव कल्याण तक सीमित नहीं है। उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी में पशुओं की देखभाल और संरक्षण के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पशुओं के उपचार और देखभाल में सुधार के लिए चिकित्सालयों को आधुनिक उपकरणों, शल्य चिकित्सा की सुविधाओं और टीकाकरण सेवाओं से लैस किया जाएगा।

इसके अलावा, शहर भर में ‘श्वान गृह’ के लिए स्थान चिह्नित किए जाएंगे, जहां नागरिक आवारा कुत्तों को खाना खिला सकेंगे और उनकी देखभाल कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने मौजूदा गौशालाओं के पट्टे का नवीनीकरण कर दिया है और उनके लंबे समय से लंबित बकाये का भी भुगतान कर दिया है।

इसी कड़ी में, उन्होंने घोषणा की कि वर्ष 2026-27 में सामुदायिक सहयोग से 10 नई गौशालाएं स्थापित की जाएंगी, जिसके लिए 14 करोड़ रुपये के बजट का प्रस्ताव है।

भाषा सुमित अजय

अजय