सोने के वायदा भाव में मामूली तेज़ी

Ads

सोने के वायदा भाव में मामूली तेज़ी

  •  
  • Publish Date - May 14, 2026 / 07:04 PM IST,
    Updated On - May 14, 2026 / 07:04 PM IST

नयी दिल्ली, 14 मई (भाषा) वायदा कारोबार में बृहस्पतिवार को सोने की कीमतों में 0.21 प्रतिशत की मामूली बढ़ोतरी हुई, क्योंकि कारोबारी बढ़ती भू-राजनीतिक और आर्थिक अनिश्चितता के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके चीनी समकक्ष शी चिनफिंग के बीच चल रही बातचीत पर नजर रखे हुए थे।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में, जून माह में डिलिवरी वाले सोने की कीमत 334 रुपये या 0.21 प्रतिशत बढ़कर 1,62,520 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। इस दौरान 8,220 लॉट का कारोबार हुआ।

पिछले सत्र में, कीमती धातुओं पर आयात शुल्क बढ़ाने के सरकार के फैसले के बाद, सोने की कीमत 8,744 रुपये या लगभग छह प्रतिशत बढ़कर 1,62,186 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी।

शुल्क में यह बढ़ोतरी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उस अपील के बाद हुई है, जिसमें उन्होंने सोने की खरीद पर रोक लगाने के साथ-साथ अन्य खर्चों में कटौती के उपायों के जरिये अनावश्यक विदेशी मुद्रा खर्च को कम करने का आह्वान किया था।

हालांकि, चांदी की कीमत 2,338 रुपये या 0.78 प्रतिशत टूटकर 2,97,900 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। इस दौरान 8,046 लॉट का कारोबार हुआ। बुधवार को एमसीएक्स में चांदी की कीमत 21,176 रुपये या लगभग आठ प्रतिशत बढ़कर 3,00,238 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।

अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में, जून अनुबंध वाला कॉमेक्स सोने का वायदा भाव 4,705.92 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर रहा, जबकि न्यूयॉर्क में जुलाई डिलिवरी वाले चांदी की कीमत लगभग दो प्रतिशत टूटकर 87.82 डॉलर प्रति औंस रह गई।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय