नयी दिल्ली, 14 मई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बृहस्पतिवार को सोने की कीमत 650 रुपये बढ़कर 1.66 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। यह बढ़ोतरी लगातार जारी भू-राजनीतिक तनाव के बीच डॉलर के मुकाबले रुपये के रिकॉर्ड निचले स्तर पर आने के बाद हुई।
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 650 रुपये बढ़कर 1,66,000 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) हो गई, जो बुधवार को 1,65,350 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी।
कीमती धातु की कीमतों में यह लगातार तीसरे दिन की गिरावट है।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘घरेलू बाजार में सोने में मामूली बढ़त देखी गई, जिसे अंतरराष्ट्रीय बाजार से मिले सकारात्मक संकेतों और भारतीय रुपये में लगातार कमजोरी का समर्थन मिला। हालांकि, बढ़त सीमित रही क्योंकि ऊंची कीमतों के कारण भौतिक मांग पर दबाव पड़ा और कुल मिलाकर खरीदारी में दिलचस्पी कम रही।’’
बृहस्पतिवार को, रुपया और कमजोर हुआ और डॉलर के मुकाबले रिकॉर्ड निचले स्तर 95.73 (अस्थायी) पर गिर गया। यह गिरावट मजबूत डॉलर और ऊर्जा की ऊंची कीमतों के बीच मुद्रास्फीति की चिंताओं के कारण हुई।
उन्होंने आगे कहा कि हाल ही में आयात शुल्क में बढ़ोतरी के बाद, घरेलू कीमतों में आए भारी उछाल के कारण निवेशकों ने बिकवाली शुरू कर दी और नई खरीदारी टाल दी, जिससे पहले से ही कमजोर भौतिक मांग और भी सुस्त पड़ गई।
सर्राफा संघ के अनुसार, हालांकि, चांदी की कीमतों में गिरावट आई। इसमें लगातार तीन दिन से जारी बढ़त का सिलसिला थम गया। चांदी 900 रुपये टूटकर 2,96,600 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) रह गई। पिछले सत्र में चांदी की कीमत 2,97,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में, हाजिर सोना मामूली बढ़त के साथ 4,704.30 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि चांदी की कीमत 0.57 प्रतिशत टूटकर 87.04 डॉलर प्रति औंस रह गई।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय