गोयल ने केरल, कर्नाटक और तेलंगाना की कांग्रेस सरकारों से विमान ईंधन पर वैट घटाने को कहा

Ads

गोयल ने केरल, कर्नाटक और तेलंगाना की कांग्रेस सरकारों से विमान ईंधन पर वैट घटाने को कहा

  •  
  • Publish Date - May 15, 2026 / 07:48 PM IST,
    Updated On - May 15, 2026 / 07:48 PM IST

मुंबई, 15 मई (भाषा) केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को केरल, कर्नाटक और तेलंगाना की कांग्रेस सरकारों से विमान ईंधन (एटीएफ) पर मूल्य वर्धित कर (वैट) में कटौती करने का आग्रह किया।

उन्होंने इन राज्यों को महाराष्ट्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार का अनुसरण करने की सलाह दी।

गोयल ने यहां सांताक्रूज इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात प्रसंस्करण क्षेत्र (एसईईपीजेड) में संवाददाताओं से कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र के सुझाए गए खर्चों में कटौती संबंधी उपाय स्वैच्छिक प्रकृति के हैं और संकट के समय हर देशभक्त भारतीय को देश की मदद करनी चाहिए।

उन्होंने कहा, “मुझे उम्मीद है कि कर्नाटक, केरल और तेलंगाना जैसे जिन राज्यों में अभी कांग्रेस की सरकार है, वे भी एटीएफ के मुद्दे पर विचार करेंगे और जनहित से जुड़े कदम उठाएंगे।”

भाजपा के वरिष्ठ नेता ने एटीएफ पर वैट 18 प्रतिशत से घटाकर सात प्रतिशत करने के लिए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की सराहना की।

उन्होंने कहा कि इससे हवाई माल ढुलाई शुल्क कम होगा, नए बाजारों की तलाश में यात्रा करने वाले निर्यातकों को सहायता मिलेगी और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

विदेशी मुद्रा बचाने के लिए उदारीकृत प्रेषण योजना (एलआरएस) पर प्रतिबंध लगाए जाने संबंधी सवाल पर गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील स्वैच्छिक है।

उन्होंने कहा, “उन्होंने (प्रधानमंत्री) अपील की है, अनुरोध किया है और मुझे भरोसा है कि देशहित में योगदान देने की भावना हर भारतीय में होगी। संकट के समय हमें खर्च में संयम बरतना चाहिए।”

केंद्रीय मंत्री ने कहा, “यह संकट का समय है और ऐसे समय में हम सभी को खर्च में संयम बरतना चाहिए।”

भाषा योगेश रमण

रमण