हीरो मोटोकॉर्प का चौथी तिमाही का शुद्ध लाभ 26 प्रतिशत बढ़कर 1,473 करोड़ रुपये पर

Ads

हीरो मोटोकॉर्प का चौथी तिमाही का शुद्ध लाभ 26 प्रतिशत बढ़कर 1,473 करोड़ रुपये पर

  •  
  • Publish Date - May 5, 2026 / 10:34 PM IST,
    Updated On - May 5, 2026 / 10:34 PM IST

नयी दिल्ली, पांच मई (भाषा) दोपहिया वाहन विनिर्माता हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड का वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 26 प्रतिशत बढ़कर 1,473.92 करोड़ रुपये रहा। यह वृद्धि मजबूत बिक्री मात्रा के कारण हुई।

वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 1,168.75 करोड़ रुपये था।

कंपनी ने कहा कि निदेशक मंडल ने पवन मुंजाल को एक अक्टूबर 2026 से अगले पांच वर्ष के लिए कार्यकारी चेयरमैन के रूप में पुनर्नियुक्त करने को मंजूरी दे दी है। यह नियुक्ति आगामी 43वीं वार्षिक आम बैठक में शेयरधारकों की मंजूरी पर निर्भर है।

चौथी तिमाही में कंपनी की परिचालन आय बढ़कर 12,978.28 करोड़ रुपये हो गई, जो 2024-25 की समान तिमाही में 9,969.81 करोड़ रुपये थी।

समीक्षाधीन तिमाही में वाहन बिक्री 17.14 लाख इकाई रही, जो 2024-25 की तुलना में 24 प्रतिशत अधिक है।

समीक्षाधीन तिमाही में कुल व्यय बढ़कर 11,295.53 करोड़ रुपये हो गया, जबकि एक वर्ष पहले यह 8,750.13 करोड़ रुपये था।

कंपनी ने दो रुपये अंकित मूल्य के प्रति शेयर पर 75 रुपये के अंतिम लाभांश की सिफारिश की है, जो शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन है।

वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ 5,775.7 करोड़ रुपये रहा, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में यह 4,375.81 करोड़ रुपये था।

वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी की कुल परिचालन आय बढ़कर 47,411.24 करोड़ रुपये हो गई, जो 2024-25 में 40,923.42 करोड़ रुपये थी।

भाषा राजेश योगेश रमण

रमण