भारत का अमेरिका को निर्यात जनवरी में 39 प्रतिशत बढ़कर 8.44 अरब डॉलर पर

Ads

भारत का अमेरिका को निर्यात जनवरी में 39 प्रतिशत बढ़कर 8.44 अरब डॉलर पर

  •  
  • Publish Date - February 17, 2025 / 08:58 PM IST,
    Updated On - February 17, 2025 / 08:58 PM IST

नयी दिल्ली, 17 फरवरी (भाषा) भारत का अमेरिका को निर्यात जनवरी में सालाना आधार पर 39 प्रतिशत बढ़कर 8.44 अरब डॉलर रहा है। वहीं आयात भी 33.46 प्रतिशत बढ़कर 3.57 अरब डॉलर रहा है।

वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, संचयी रूप से, चालू वित्त वर्ष में अप्रैल-जनवरी के दौरान अमेरिका को देश का निर्यात 8.95 प्रतिशत बढ़कर 68.46 अरब डॉलर रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 62.84 अरब डॉलर था।

अमेरिका 2021-24 के दौरान भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार था। अमेरिका उन कुछ देशों में से एक है जिनके साथ भारत का व्यापार अधिशेष है।

वित्त वर्ष 2023-24 में, 119.71 अरब डॉलर के द्विपक्षीय व्यापार के साथ अमेरिका भारत का सबसे बड़ा व्यापार भागीदार था। इसमें 77.51 अरब डॉलर डॉलर का निर्यात, 42.19 अरब डॉलर का आयात था। व्यापार अधिशेष 35.31 अरब डॉलर था।

भारत और अमेरिका के बीच बढ़ता व्यापार महत्वपूर्ण है क्योंकि दोनों देशों ने 2030 तक 500 अरब डॉलर के द्विपक्षीय व्यापार के साथ एक व्यापार समझौते का लक्ष्य रखा है।

भाषा रमण अजय

अजय