मुंबई, आठ मई (भाषा) देश का विदेशी मुद्रा भंडार एक मई को समाप्त सप्ताह के दौरान 7.79 अरब डॉलर घटकर 690.69 अरब डॉलर रहा। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
इससे पछले 24 अप्रैल को समाप्त सप्ताह के दौरान कुल विदेशी मुद्रा भंडार 4.82 अरब डॉलर घटकर 698.49 अरब डॉलर रहा था।
इस साल 27 फरवरी को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान, पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने से पहले, यह कोष बढ़कर अब तक के सबसे ऊंचे स्तर 728.49 अरब डॉलर पर पहुंच गया था। इसके बाद कई हफ्तों तक इसमें गिरावट देखने को मिली। इसका कारण दबाव में आये रुपये को समर्थन देने के लिए रिजर्व बैंक को डॉलर बेचकर विदेशी मुद्रा बाजार में हस्तक्षेप करना पड़ा था।
केंद्रीय बैंक के आंकड़ों के मुताबिक, एक मई को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का प्रमुख हिस्सा विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति 2.79 अरब डॉलर घटकर 551.82 अरब डॉलर रही।
डॉलर के संदर्भ में व्यक्त की जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं के मूल्य में बदलाव का प्रभाव शामिल होता है।
आरबीआई ने कहा कि आलोच्य सप्ताह के दौरान उसके स्वर्ण भंडार का मूल्य 5.02 अरब डॉलर घटकर 115.22 अरब डॉलर रहा।
केंद्रीय बैंक के अनुसार विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 1.5 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.79 अरब डॉलर हो गए।
समीक्षाधीन सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास भारत का आरक्षित भंडार 80 लाख डॉलर बढ़कर 4.86 अरब डॉलर रहा।
भाषा राजेश राजेश रमण
रमण