जेएसडब्ल्यू स्टील के बोर्ड ने 14,000 करोड़ रुपये जुटाने, बीएमएम इस्पात के विलय को मंजूरी दी

Ads

जेएसडब्ल्यू स्टील के बोर्ड ने 14,000 करोड़ रुपये जुटाने, बीएमएम इस्पात के विलय को मंजूरी दी

  •  
  • Publish Date - May 14, 2026 / 07:19 PM IST,
    Updated On - May 14, 2026 / 07:19 PM IST

नयी दिल्ली, 14 मई (भाषा) जेएसडब्ल्यू स्टील के निदेशक मंडल ने गैर-परिवर्तनीय डिबेंचर (एनसीडी) और इक्विटी शेयर जारी कर 14,000 करोड़ रुपये तक जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में बृहस्पतिवार को कहा कि निदेशक मंडल ने 6,400 करोड़ रुपये के उपक्रम मूल्य पर बीएमएम इस्पात लिमिटेड के जेएसडब्ल्यू स्टील में विलय की योजना को भी मंजूरी दे दी है।

कंपनी ने कहा कि वह वॉरंट के साथ गैर-परिवर्तनीय डिबेंचर जारी कर 7,000 करोड़ रुपये तक जुटाएगी। इन वॉरंट को बाद में एक रुपये अंकित मूल्य वाले इक्विटी शेयरों में बदला जा सकेगा।

एक अलग बयान में जेएसडब्ल्यू स्टील ने कहा कि निदेशक मंडल ने कंपनी अधिनियम, 2013 की धारा 230-232 और अन्य लागू प्रावधानों के तहत संबंधित पक्ष बीएमएम इस्पात लिमिटेड के कंपनी में विलय की योजना को मंजूरी दी है।

बीएमएम इस्पात लिमिटेड एकीकृत इस्पात विनिर्माण संयंत्र संचालित करती है, जिसकी क्षमता 10 लाख टन सालाना है।

भाषा योगेश अजय

अजय