अमरावती, छह मई (भाषा) आंध्र प्रदेश के आईटी मंत्री नारा लोकेश ने तिरुपति जिले के श्री सिटी में कैरियर ग्लोबल के एयर कंडीशनर (एसी) विनिर्माण संयंत्र की बुधवार को आधारशिला रखी। कंपनी इस परियोजना में 1,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
इस संयंत्र से रोजगार के प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष करीब 3,000 अवसर उत्पन्न होने की उम्मीद है। साथ ही यह राज्य के विनिर्माण तंत्र को मजबूत करेगा।
आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ‘‘ लोकेश ने श्री सिटी में कैरियर ग्लोबल के 1,000 करोड़ रुपये के एसी विनिर्माण संयंत्र की आधारशिला रखी। यह आंध्र प्रदेश की औद्योगिक विकास यात्रा में एक और बड़ा कदम है। इससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर उत्पन्न होंगे।’’
इसमें कहा गया कि कैरियर ग्लोबल का निवेश श्री सिटी में एयर कंडीशनर और कूलिंग उपकरण विनिर्माण के बढ़ते तंत्र को और मजबूत करेगा।
विज्ञप्ति के अनुसार, आंध्र प्रदेश सरकार उद्योग अनुकूल नीतियों, अवसंरचना समर्थन और बड़े औद्योगिक गलियारों के माध्यम से वैश्विक कंपनियों को आकर्षित करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है।
भाषा निहारिका
निहारिका