एलएंडटी का चौथी तिमाही में शुद्ध लाभ तीन प्रतिशत घटकर 5,326 करोड़ रुपये पर

Ads

एलएंडटी का चौथी तिमाही में शुद्ध लाभ तीन प्रतिशत घटकर 5,326 करोड़ रुपये पर

  •  
  • Publish Date - May 5, 2026 / 10:06 PM IST,
    Updated On - May 5, 2026 / 10:06 PM IST

नयी दिल्ली, पांच मई (भाषा) लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) का वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ तीन प्रतिशत घटकर 5,326 करोड़ रुपये रहा।

वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही में लार्सन टुब्रो का शुद्ध लाभ 5,497 करोड़ रुपये था।

कंपनी के लाभ में यह गिरावट मुख्य रूप से उच्च तुलनात्मक आधार प्रभाव के कारण रही, क्योंकि वित्त वर्ष 2024-25 की इसी तिमाही में 475 करोड़ रुपये का अपवादस्वरूप लाभ शामिल था।

कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही के दौरान कुल एकीकृत शुद्ध लाभ सालाना आधार पर तीन प्रतिशत की गिरावट के साथ 5,326 करोड़ रुपये रहा। 2024-25 की समान तिमाही में प्राप्त अपवादस्वरूप लाभ के कारण यह गिरावट दर्ज की गई है।”

चौथी तिमाही में एलएंडटी की परिचालन आय 11 प्रतिशत बढ़कर 82,762 करोड़ रुपये हो गई, जो 2024-25 की समान तिमाही में 74,392 करोड़ रुपये थी।

एलएंडटी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक एस एन सुब्रह्मण्यन ने कहा कि वर्ष का समापन मजबूत प्रदर्शन के साथ हुआ है और सभी क्षेत्रों में अच्छा वित्तीय प्रदर्शन देखने को मिला है।

उन्होंने बताया कि पूरे वित्त वर्ष के दौरान कंपनी का कुल ऑर्डर प्रवाह रिकॉर्ड चार लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा।

मुख्य वित्त अधिकारी आर. शंकर रमन ने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 में कंपनी का लक्ष्य ऑर्डर प्रवाह में 10 से 12 प्रतिशत की वृद्धि हासिल करना है।

कंपनी ने कहा कि चालू वित्त वर्ष में राजस्व में 10 से 12 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान है, जबकि पिछले वित्त वर्ष यह 12 प्रतिशत था।

कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 38 रुपये प्रति शेयर अंतिम लाभांश की भी सिफारिश की है। यह शेयरधारकों की मंजूरी पर निर्भर है।

भाषा योगेश रमण

रमण