महाराष्ट्र ने एएम इंटेलिजेंस लैब्स के साथ 1.14 लाख करोड़ रुपये के निवेश के लिए किया समझौता

Ads

महाराष्ट्र ने एएम इंटेलिजेंस लैब्स के साथ 1.14 लाख करोड़ रुपये के निवेश के लिए किया समझौता

  •  
  • Publish Date - May 14, 2026 / 06:53 PM IST,
    Updated On - May 14, 2026 / 06:53 PM IST

मुंबई, 14 मई (भाषा) महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई क्षेत्र में एकीकृत हरित डेटा सेंटर पार्क और कृत्रिम मेधा (एआई) कंप्यूट हब स्थापित करने के लिए एएम इंटेलिजेंस लैब्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ 1.14 लाख करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश संबंधी समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर बृहस्पतिवार को हस्ताक्षर किए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, पूरी तरह नवीकरणीय ऊर्जा आधारित इस परियोजना से उच्च प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में लगभग 8,000 प्रत्यक्ष और बड़ी संख्या में अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। इनमें सॉफ्टवेयर इंजीनियर, डेटा वैज्ञानिक और परिचालन कर्मियों के लिए रोजगार शामिल होंगे।

समझौता ज्ञापन पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में हस्ताक्षर किए गए।

बयान में कहा गया कि मुंबई महानगर क्षेत्र में स्थापित होने वाली इस परियोजना की कुल क्षमता 500 मेगावाट होगी और इसमें 2.5 लाख उच्च-क्षमता वाले एआई चिपसेट लगाए जाएंगे।

परियोजना को दो चरणों में लागू किया जाएगा। पहला चरण 200 मेगावाट क्षमता का होगा, जिसे 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य है। वहीं दूसरा चरण 300 मेगावाट क्षमता का होगा और इसे 2030 तक पूरा किया जाएगा।

भाषा योगेश अजय

अजय