नयी दिल्ली, आठ जुलाई (भाषा) लोक उद्यम चयन बोर्ड (पीईएसबी) ने कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के अगले चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) पद के लिए साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के मौजूदा निदेशक (तकनीकी) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार के नाम की सिफारिश की है। पीईएसबी सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में शीर्ष पदों पर नियुक्ति के लिए उपयुक्त उम्मीदवार के नाम की सिफारिश करता है।
यह सिफारिश ऐसे समय में आई है, जब कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में अपने कोयला उत्पादन लक्ष्य से पीछे रह गई है। ऐसे में उसकी अनुषंगी कंपनियों पर उत्पादन बढ़ाने, परिचालन दक्षता में सुधार करने और परिवहन संबंधी बाधाओं को दूर करने का दबाव है।
पीईएसबी की वेबसाइट पर उपलब्ध सूचना के अनुसार, इस पद के लिए जयकुमार समेत कुल 11 उम्मीदवारों के नाम पर विचार किया गया।
जयकुमार को कोयला और लिग्नाइट खनन क्षेत्र में तीन दशक से अधिक का अनुभव है। एसईसीएल में आने से पहले वह एनएलसी इंडिया में कार्यरत थे। इससे पहले अपने करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने सिंगरेनी कोलियरीज कंपनी में 18 वर्ष तक सेवा दी।
भाषा योगेश अजय
अजय