नयी दिल्ली, 25 अक्टूबर (भाषा) मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में नवरात्रि और दशहरा के दौरान संपत्ति पंजीकरण की संख्या सालाना आधार पर 37 प्रतिशत बढ़कर 4,594 हो गई है। रियल एस्टेट परामर्श कंपनी नाइट फ्रैंक के आंकड़ों में यह जानकारी दी गई।
नाइट फ्रैंक ने बुधवार को बयान में कहा, “मुंबई शहर (बीएमसी अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत आने वाला क्षेत्र) में 15 अक्टूबर से 23 अक्टूबर तक नवरात्रि के नौ दिनों में 4,594 इकाइयों का संपत्ति पंजीकरण हुआ, जो सालाना आधार पर 37.4 प्रतिशत की वृद्धि है।”
पिछले साल नवरात्रि (26 सितंबर, 2022 से चार अक्टूबर, 2022) के दौरान 3,343 संपत्ति पंजीकरण हुए थे।
राज्य के खजाने में नौ दिन की अवधि के दौरान संपत्ति पंजीकरण से कुल 435 करोड़ रुपये का राजस्व आया।
नाइट फ्रैंक के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक (सीएमडी) शिशिर बैजल ने कहा, “शहर ने बड़े निवेश के लिए इस शुभ समय को चुना और इन नौ दिन में संपत्ति पंजीकरण में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई।”
भाषा अनुराग अजय
अजय