सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने 2025-26 में 50,552 भर्ती की, 33 प्रतिशत वृद्धि

Ads

सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने 2025-26 में 50,552 भर्ती की, 33 प्रतिशत वृद्धि

  •  
  • Publish Date - April 30, 2026 / 10:34 PM IST,
    Updated On - April 30, 2026 / 10:34 PM IST

नयी दिल्ली, 30 अप्रैल (भाषा) वित्त वर्ष 2025-26 में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (पीएसबी) ने कुल 50,552 उम्मीदवारों की नियुक्ति की है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 33 प्रतिशत अधिक है। वित्त मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

मंत्रालय ने कहा कि यह बढ़ती कारोबारी जरूरतों को पूरा करने के लिए बैंकिंग क्षेत्र में मानव संसाधन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

पिछले वर्षों के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए मंत्रालय ने बताया कि वित्त वर्ष 2023-24 में 30,827 और 2024-25 में 37,860 नियुक्ति हुई थीं।

यह लगातार सालाना आधार पर वृद्धि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने और समयबद्ध तरीके से पर्याप्त कर्मचारी सुनिश्चित करने की योजना को दर्शाती है।

बैंकों में यह भर्ती प्रक्रिया ‘इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सनेल सिलेक्शन’ (आईबीपीएस) के माध्यम से आयोजित की जाती है।

एक अलग बयान में, वित्त मंत्रालय ने बताया कि नेशनल एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड (एनएआरसीएल) दबाव वाली संपत्तियों के समाधान के लिए एक प्रमुख स्तंभ के रूप में उभरी है।

मार्च 2026 तक, एनएआरसीएल ने कुल 1,65,862 करोड़ रुपये के ऋण वाली 33 उधारकर्ता संस्थाओं का अधिग्रहण किया है। वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान कंपनी के वसूली प्रयासों में तेजी आई और इस साल 4,364 करोड़ रुपये की वसूली की गई, जो कुल संचयी वसूली का लगभग 70 प्रतिशत है।

मंत्रालय ने कहा, ‘अब तक 23 खातों में वसूली की प्रक्रिया पूरी हुई है, जिससे कुल 6,345 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं। यह अधिग्रहण लागत के 48 प्रतिशत से अधिक है।’

भाषा योगेश रमण

रमण