मुंबई, 14 मई (भाषा) फिल्म अभिनेता रणबीर कपूर ने अयोध्या की चर्चित भूखंड परियोजना ‘द सरयू’ में 3.31 करोड़ रुपये के निवेश से जमीन खरीदी है। रियल एस्टेट कंपनी एचओबीएल ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा (एचओबीएल) ने बयान में कहा कि इस प्रीमियम परियोजना में स्थित 2,134 वर्ग फुट के भूखंड का यह सौदा करीब 3.31 करोड़ रुपये का है।
यह जमीन 75 एकड़ की परियोजना ‘द सरयू’ का हिस्सा है, जो सरयू नदी के किनारे विकसित की जा रही है। इस परियोजना में क्लब हाउस, आधुनिक जीवनशैली सुविधाएं और ‘द लीला’ द्वारा संचालित एक लक्जरी होटल भी शामिल है।
साल के अंत में प्रदर्शित होने वाली फिल्म ‘रामायण’ में भगवान राम का किरदार निभाने वाले रणबीर ने कहा कि अयोध्या से उनका जुड़ाव भावनात्मक है और यह उनके परिवार की विरासत का हिस्सा बनेगा।
उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि अयोध्या ने मुझे चुना है और मैंने केवल इस आह्वान को स्वीकार किया है।”
एचओबीएल के चेयरमैन अभिनंदन लोढ़ा ने कहा कि अयोध्या शहर देश के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पुनरुत्थान’ का केंद्र बनकर उभर रहा है। उन्होंने कहा कि ‘द सरयू’ परियोजना का उद्देश्य आध्यात्मिकता और आधुनिक सुविधाओं को जोड़ते हुए विश्वस्तरीय विकास का मानक स्थापित करना है।
अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण होने के बाद से यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में खासी बढ़ोतरी देखी गई है। जनवरी-जून, 2025 के दौरान करीब 23 करोड़ लोग अयोध्या आए।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय