रुपया 25 पैसे टूटकर 94.47 प्रति डॉलर पर

Ads

रुपया 25 पैसे टूटकर 94.47 प्रति डॉलर पर

  •  
  • Publish Date - May 8, 2026 / 04:35 PM IST,
    Updated On - May 8, 2026 / 04:35 PM IST

मुंबई, आठ मई (भाषा) रुपया शुक्रवार को 25 पैसे टूटकर 94.47 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और हॉर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अमेरिका तथा ईरान के बीच ताजा टकराव के साथ घरेलू मुद्रा में गिरावट आई।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि पिछले दो कारोबारी सत्रों में मजबूती के बाद निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई। ईरान ने अमेरिका पर युद्धविराम उल्लंघन का आरोप लगाया है। ईरान का कहना है कि अमेरिका ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य और नागरिक इलाकों में नए हमले किए, जबकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि युद्धविराम अब भी प्रभावी है।

अमेरिका-ईरान शांति समझौते के बीच ब्रेंट तेल की कीमतें गिरकर 98 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थीं, लेकिन निवेशकों द्वारा पश्चिम एशिया शांति समझौते की संभावनाओं का आकलन करने के बाद कीमतों में मामूली वृद्धि हुई और यह बढ़कर लगभग 100 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.58 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 94.68 तक फिसल गया। अंत में रुपया 94.47 प्रति डॉलर पर रहा। यह पिछले बंद भाव से 25 पैसे की गिरावट है।

रुपया बृहस्पतिवार को शुरुआती नुकसान से उबरते हुए 27 पैसे की मजबूती के साथ 94.22 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचने की प्रवृत्ति और घरेलू शेयर बाजारों में कमजोरी का भी रुपये पर दबाव पड़ा।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, “पश्चिम एशिया में फिर बढ़े वैश्विक तनाव के बीच रुपये में हल्की कमजोरी का रुख रहने की उम्मीद है। कच्चे तेल की कीमतों में सुधार और कमजोर वैश्विक बाजार भी रुपये पर दबाव डाल सकते हैं।”

उन्होंने कहा कि विदेशी संस्थागत निवेशकों की बिकवाली से रुपये में और गिरावट आ सकती है। हालांकि, बाजार में बहुत अधिक उतार-चढ़ाव की उम्मीद नहीं है। कारोबारियों की नजर अमेरिका के गैर-कृषि रोजगार आंकड़ों पर भी रहेगी।

उन्होंने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपये के हाजिर भाव के 94.10 से 94.90 के दायरे में रहने का अनुमान है।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.15 प्रतिशत की गिरावट के साथ 97.91 पर रहा।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.25 प्रतिशत गिरकर 99.81 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 516.33 अंक की गिरावट के साथ 77,328.19 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 150.50 अंक की गिरावट के साथ 24,176.15 अंक पर आ गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बृहस्पतिवार को 340.89 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

भाषा योगेश रमण

रमण