अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 69 पैसे लुढ़का, 92.18 के सर्वकालिक निचले स्तर पर
अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 69 पैसे लुढ़का, 92.18 के सर्वकालिक निचले स्तर पर
मुंबई, चार मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया में अमेरिका-ईरान संघर्ष बढ़ने से पैदा हुए भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में आए उछाल के कारण बुधवार को शुरुआती कारोबार में भारतीय रुपया 69 पैसे टूटकर 92.18 प्रति डॉलर के सर्वकालिक निचले स्तर पर आ गया।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार ईरान संकट की वजह से ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 82 डॉलर प्रति बैरल के स्तर को पार कर गया है, जिससे निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 92.05 पर खुला और फिर फिसलकर 92.18 के निचले स्तर पर पहुंच गया। सोमवार को रुपया 91.49 पर बंद हुआ था। मंगलवार को होली के उपलक्ष्य में बाजार बंद रहा था।
विशेषज्ञों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों से भारत का आयात बिल बढ़ने का जोखिम है, क्योंकि देश अपनी ईंधन जरूरत का 85 प्रतिशत आयात के माध्यम से पूरा करता है।
इसके अलावा, घरेलू शेयर बाजार से विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी और महंगे आयात से व्यापार संतुलन बिगड़ने के डर ने भी रुपये पर दबाव बनाया है।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने 3,295.64 करोड़ रुपये के शेयर बेचे थे।
भाषा पाण्डेय
पाण्डेय

Facebook


