रुपया दो पैसे टूटकर अब तक के सबसे निचले स्तर 95.25 प्रति डॉलर पर

Ads

रुपया दो पैसे टूटकर अब तक के सबसे निचले स्तर 95.25 प्रति डॉलर पर

  •  
  • Publish Date - May 5, 2026 / 04:36 PM IST,
    Updated On - May 5, 2026 / 04:36 PM IST

मुंबई, पांच मई (भाषा) रुपया मंगलवार को दो पैसे टूटकर अब तक के सबसे निचले स्तर 95.25 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा।

यह गिरावट खाड़ी क्षेत्र में तनाव बढ़ने और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाए जाने के बाद आई है। इससे आपूर्ति श्रृंखला को लेकर चिंताएं फिर बढ़ गई हैं और निवेशक जोखिम वाली संपत्तियों में निवेश से बच रहे हैं।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, ब्रेंट क्रूड तेल के करीब 110 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर बने रहने से भारत जैसे तेल आयातक देशों पर दबाव बना हुआ है। साथ ही, वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच विदेशी पूंजी की लगातार निकासी ने भी बाजार धारणा को कमजोर किया है।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.30 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह और कमजोर होकर 95.44 प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर तक पहुंच गया। अंत में यह 95.25 पर बंद हुआ, जो पिछले बंद स्तर की तुलना में दो पैसे की गिरावट है।

सोमवार को भी रुपया 39 पैसे टूटकर 95.23 प्रति डॉलर के अब तक के सबसे निचले स्तर पर बंद हुआ था।

विशेषज्ञों ने कहा कि कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़ी आपूर्ति चिंताओं के कारण रुपये पर दबाव बना रहेगा। इसके अलावा डॉलर की मांग और वैश्विक तनाव भी रुपये को प्रभावित कर रहे हैं। हालांकि, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के हस्तक्षेप से गिरावट पर कुछ रोक लग सकती है।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 95.10 से 95.55 के दायरे में रहने की संभावना है।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.10 प्रतिशत की बढ़त के साथ 98.47 पर रहा। वहीं, ब्रेंट क्रूड वायदा बाजार में 1.57 प्रतिशत की गिरावट के साथ 112.64 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 251.61 अंक गिरावट के साथ 77,017.79 अंक और निफ्टी 86.50 अंक की गिरावट के साथ 24,032.80 अंक पर बंद हुआ।

विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 2,835.62 करोड़ रुपये की शुद्ध लिवाली की।

भाषा योगेश रमण

रमण