रुपया 53 पैसे टूटकर अपने सबसे निचले स्तर 92.35 प्रति डॉलर पर

Ads

रुपया 53 पैसे टूटकर अपने सबसे निचले स्तर 92.35 प्रति डॉलर पर

  •  
  • Publish Date - March 9, 2026 / 04:22 PM IST,
    Updated On - March 9, 2026 / 04:22 PM IST

मुंबई, नौ मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया के बिगड़ते हालात के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल और डॉलर के मजबूत होने से सोमवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया 53 पैसे टूटकर 92.35 प्रति डॉलर (अस्थायी) के अपने सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया।

विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि घरेलू शेयर बाजारों में भारी बिकवाली के बीच विदेशी पूंजी की निकासी जारी रहने से रुपये पर खासा दबाव देखा गया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 92.22 पर खुला और थोड़ी देर के लिए मजबूत होकर 92.15 तक पहुंच गया। लेकिन बाद में लगातार गिरावट के बीच यह अंत में 92.35 के अपने रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ।

यह पिछले बंद भाव के मुकाबले 53 पैसे की कमजोरी है। इससे पहले शुक्रवार को रुपया 18 पैसे गिरकर 91.82 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘कमजोर वैश्विक बाजार और कच्चे तेल की कीमतों में अचानक आए तेज उछाल के कारण रुपया शुरुआत में ही काफी कमजोर खुला और 92.35 के नए रिकॉर्ड निचले स्तर तक खिसक गया। एशियाई कारोबार के दौरान तेल की कीमतों में लगभग 25 प्रतिशत तेजी देखी गई। डॉलर में मजबूती और विदेशी निवेशकों की निकासी से भी रुपये पर दबाव पड़ा।’

चौधरी ने कहा कि पश्चिम में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और मजबूत डॉलर के कारण रुपये में कमजोरी का रुख बना रह सकता है। हालांकि, अगर केंद्रीय बैंक बाजार में हस्तक्षेप करता है तो रुपये को निचले स्तर पर कुछ सहारा मिल सकता है।

उन्होंने कहा कि डॉलर-रुपया विनिमय की हाजिर कीमत 92 से 92.80 के बीच रहने की उम्मीद है।

इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड की कीमत वायदा कारोबार में 15.18 प्रतिशत बढ़कर 106.8 डॉलर प्रति बैरल हो गई। अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध के कारण तेल की कीमतों में तेजी आई है।

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.35 प्रतिशत बढ़कर 99.33 पर पहुंच गया।

घरेलू शेयर बाजार में भी भारी गिरावट देखी गई। सेंसेक्स 1,352.74 अंक गिरकर 77,566.16 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 422.40 अंक गिरकर 24,028.05 पर आ गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 6,030.38 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

भाषा योगेश प्रेम

प्रेम