शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 300 अंक से अधिक चढ़ा

शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 300 अंक से अधिक चढ़ा

शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 300 अंक से अधिक चढ़ा
Modified Date: November 29, 2022 / 08:05 pm IST
Published Date: February 16, 2021 7:01 am IST

मुंबई, 16 फरवरी (भाषा) सकारात्मक वैश्विक संकेतों के बीच बैंकिंग व वित्तीय शेयरों समेत रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसी बड़ी कंपनियों के शेयरों में तेजी के दम पर मंगलवार को शुरुआती कारोबार में घरेलू बाजार नये उच्च स्तर पर पहुंच गये।

बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 322.33 अंक यानी 0.62 प्रतिशत की बढ़त के साथ 52,476.46 अंक पर कारोबार कर रहा था।

इसी तरह, एनएसई निफ्टी 108.40 अंक यानी 0.71 प्रतिशत बढ़कर 15,423.10 अंक पर रहा।

सेंसेक्स की कंपनियों में ओएनजीसी करीब चार फीसदी की बढ़त के साथ सबसे आगे रही। इसके बाद इंडसइंड बैंक, कोटक बैंक, पावरग्रिड, एसबीआई और टेक महिंद्रा का स्थान रहा।

दूसरी ओर, बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस और नेस्ले इंडिया जैसी कंपनियां गिरावट में रहीं।

पिछले सत्र में, सेंसेक्स 609.83 अंक यानी 1.18 प्रतिशत की बढ़त के साथ 52,154.13 अंक के अपने नये रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी भी 151.40 अंक यानी एक प्रतिशत बढ़कर 15,314.70 अंक के रिकॉर्ड स्तर पर रहा था।

विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक पूंजी बाजार में शुद्ध खरीदार रहे और उन्होंने सोमवार को 1,234.15 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

एशियाई बाजार दोपहर के कारोबार में बढ़त में चल रहे थे।

इस बीच, वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.62 प्रतिशत बढ़कर 63.69 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

भाषा सुमन

सुमन


लेखक के बारे में