अमेरिका-ईरान वार्ता बहाल होने की संभावना से शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स 1,264 अंक चढ़ा
अमेरिका-ईरान वार्ता बहाल होने की संभावना से शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स 1,264 अंक चढ़ा
मुंबई, 15 अप्रैल (भाषा) कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और अमेरिका-ईरान के बीच कूटनीतिक वार्ता की उम्मीदों के बीच घरेलू शेयर बाजार बुधवार को बड़ी बढ़त के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 1,264 अंक चढ़ गया, जबकि निफ्टी में 389 अंक की तेजी रही।
बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 1,263.67 अंक यानी 1.64 प्रतिशत चढ़कर 78,111.24 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह एक समय यह 1,422.85 अंक चढ़कर 78,270.42 अंक तक पहुंच गया था।
वहीं, एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 388.65 अंक यानी 1.63 प्रतिशत बढ़कर 24,231.30 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों में इंटरग्लोब एविएशन (यानी इंडिगो), पावर ग्रिड कॉरपोरेशन, टेक महिंद्रा, टीसीएस और लार्सन एंड टुब्रो प्रमुख रूप से बढ़त में रहीं।
दूसरी तरफ, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक और एक्सिस बैंक के शेयरों में गिरावट रही।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड पश्चिम एशिया तनाव कम होने के संकेतों के बीच गिरकर 95.74 डॉलर प्रति बैरल के करीब आ गया। तेल कीमतों में गिरावट से भारत जैसे आयात पर निर्भर देश को राहत मिलने की उम्मीद बढ़ी है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ युद्ध ‘समाप्ति के करीब’ है और दोनों देशों के बीच वार्ता फिर शुरू होने की संभावना है।
मीडिया की खबरों के अनुसार, अगले कुछ दिनों में बातचीत का दूसरा दौर हो सकता है।
विश्लेषकों के मुताबिक, पश्चिम एशिया में तनाव कम होने के संकेत और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट ने निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता बढ़ाई, जिससे बाजार में खरीदारी लौटी।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुए।
दोपहर के कारोबार में यूरोपीय बाजारों में मिला-जुला रुख था। अमेरिकी बाजार मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।
एक दिन पहले मंगलवार को आंबेडकर जयंती के कारण बाजार बंद रहे थे। उससे पहले सोमवार को सेंसेक्स 702.68 अंक गिरकर 76,847.57 अंक पर और निफ्टी 207.95 अंक लुढ़ककर 23,842.65 अंक पर बंद हुआ था।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय

Facebook


