नयी दिल्ली, 14 मई (भाषा) ब्लैकस्टोन समर्थित बागमाने प्राइम ऑफिस रीट का शेयर अपने निर्गम मूल्य 100 रुपये के मुकाबले 3.5 प्रतिशत की बढ़त के साथ बृहस्पतिवार को बाजार में सूचीबद्ध हुआ।
एनएसई पर शेयर 103.50 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ, जो निर्गम मूल्य 100 रुपये से 3.5 प्रतिशत अधिक है। बाद में इसमें कुछ गिरावट आई और यह 103.10 रुपये पर कारोबार करने लगा।
बीएसई पर शेयर निर्गम मूल्य से 3.4 प्रतिशत अधिक 103.40 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ।
एनएसई पर कंपनी का बाजार मूल्यांकन 35,071 करोड़ रुपये था।
कंपनी ने अपने 3,405 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए 95 से 100 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया था। आईपीओ 2,390 करोड़ रुपये तक के नए शेयर और 1,015 करोड़ रुपये की बिक्री पेशकश (ओएफएस) का संयोजन था। निवेशकों की मजबूत भागीदारी के बीच बोली के अंतिम दिन सात मई को इसे 23.71 गुना अभिदान मिला था।
बागमाने प्राइम ऑफिस रीट ने बड़े (एंकर) निवेशकों से करीब 1,150 करोड़ रुपये जुटाए हैं।
भाषा निहारिका
निहारिका