गुवाहाटी, पांच फरवरी (भाषा) अग्रणी दवा कंपनी सन फार्मास्युटिकल असम में एक विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने के लिए 500 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इससे 500 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।
मुख्य सचिव रवि कोटा ने यह जानकारी दी। दवा कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों ने बुधवार को मुख्य सचिव के साथ बैठक में परियोजना के क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की थी।
कोटा ने बुधवार देर रात सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा,‘‘ सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की और असम में औषधि विनिर्माण इकाई स्थापित करने के कंपनी के प्रस्ताव की समीक्षा की।’’
कंपनी की ओर से वरिष्ठ उपाध्यक्ष राहुल अवस्थी और कार्यकारी उपाध्यक्ष रंजीत मोहापात्रा ने कोटा से मुलाकात की।
मुख्य सचिव ने कहा, ‘‘ प्रस्ताव में राज्य में दवा फॉर्मुलेशन विनिर्माण इकाइयों की स्थापना शामिल है, जो भारतीय बाजार की जरूरतों को पूरा करेंगी। इस परियोजना में 500 करोड़ रुपये से अधिक का नियोजित निवेश दो चरणों में किया जाएगा।’’
उन्होंने कहा कि परिचालन शुरू होने के बाद चरणबद्ध तरीके से इस परियोजना से 500 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है।
कोटा ने बताया कि सन फार्मा, दवा क्षेत्र की दुनिया की चौथी सबसे बड़ी और भारत की सबसे बड़ी कंपनी है। इसके पांच महाद्वीपों में 40 से अधिक विनिर्माण संयंत्र हैं। 100 से ज्यादा देशों में परिचालन है।
भाषा निहारिका
निहारिका