रुपया शुरुआती कारोबार में 30 पैसे टूटकर 95.94 प्रति डॉलर पर

Ads

रुपया शुरुआती कारोबार में 30 पैसे टूटकर 95.94 प्रति डॉलर पर

  •  
  • Publish Date - May 15, 2026 / 10:06 AM IST,
    Updated On - May 15, 2026 / 10:06 AM IST

मुंबई, 15 मई (भाषा) रुपया शुक्रवार को 30 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.94 पर पहुंच गया। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों, मजबूत डॉलर और पश्चिम एशिया संकट को लेकर चिंताओं से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई है।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों का कहना है कि तेल की कीमतों में तेजी के बीच डॉलर की खरीदारी जारी रहने के कारण रुपया दबाव में है और यह 96 के निशान के बहुत करीब बना हुआ है।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.86 प्रति डॉलर पर खुला। फिर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.94 तक टूट गया जो पिछले बंद भाव से 30 पैसे की गिरावट दर्शाता है।

रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.96 के रिकॉर्ड निचले स्तर तक कमजोर हुआ। हालांकि, अंत में दो पैसे की मामूली बढ़त के साथ 95.64 पर बंद हुआ था।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.24 प्रतिशत की बढ़त के साथ 99.05 पर रहा।

घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 239.14 अंक चढ़कर 75,637.86 अंक पर जबकि निफ्टी 78.30 अंक की बढ़त के साथ 23,767.90 अंक पर रहा।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.30 प्रतिशत की बढ़त के साथ 107.09 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बृहस्पतिवार को शुद्ध लिवाल रहे थे और उन्होंने 187.46 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

भाषा निहारिका

निहारिका