मुंबई, 13 मई (भाषा) स्थानीय शेयर बाजारों में पिछले चार कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट पर बुधवार को विराम लगा और दोनों मानक सूचकांक लाभ में रहे। बीएसई सेंसेक्स 50 अंक चढ़ा जबकि एनएसई निफ्टी में 33 अंक की तेजी रही।
निचले स्तर पर धातु, ऊर्जा और खपत से जुड़े शेयरों में लिवाली से बाजार में तेजी आई।
हालांकि, कारोबारियों के अनुसार रुपये के नए रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंचने, कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और लगातार वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच विदेशी संस्थागत निवेशकों की निरंतर निकासी ने लाभ को सीमित किया।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 49.74 अंक यानी 0.07 प्रतिशत बढ़कर 74,608.98 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ऊंचे में 75,191.57 अंक तक गया जबकि नीचे में 74,134.48 अंक तक आया। यानी कारोबार के दौरान इसमें 1,057.09 अंक की घट- बढ़ हुई।
इसी तरह, एनएसई निफ्टी 33.05 अंक यानी 0.14 प्रतिशत बढ़कर 23,412.60 अंक पर बंद हुआ।
लेमन मार्केट्स डेस्क के शोध विश्लेषक गौरव गर्ग ने कहा, ‘‘वैश्विक बाजार के अपेक्षाकृत स्थिर संकेतों ने भी इस तेजी को समर्थन दिया। इससे तात्कालिक गिरावट का दबाव कम हुआ। हालांकि, कच्चे तेल की ऊंची कीमत, बढ़ती मुद्रास्फीति को लेकर चिंताओं और विदेशी निवेशकों (एफआईआई) की निरंतर निकासी के कारण लाभ सीमित रहा।’’
सेंसेक्स में शामिल शेयरों में एशियन पेंट्स, टाटा स्टील, अदाणी पोर्ट्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, भारती एयरटेल और लार्सन एंड टुब्रो प्रमुख रूप से लाभ में रहे।
दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में महिंद्रा एंड महिंद्रा, इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, सन फार्मा और टेक महिंद्रा शामिल हैं।
मझोली कंपनियों से संबंधित बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.90 प्रतिशत चढ़ा जबकि छोटी कंपनियों से जुड़ा स्मॉलकैप 0.41 प्रतिशत के लाभ में रहा।
लाइवलॉन्ग वेल्थ के शोध विश्लेषक और संस्थापक हरिप्रसाद के. ने कहा, ‘‘लगातार दो दिन भारी बिकवाली के बाद, भारतीय शेयर बाजारों में आज अपेक्षाकृत स्थिरता देखने को मिली और दोनों मानक सूचकांक मामूली बढ़त के साथ बंद हुए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘बाजार सीमित दायरे में रहा। यह घबराहट में की गई बिकवाली में अस्थायी विराम का संकेत देता है। हालांकि, वैश्विक और घरेलू स्तर पर वृहद आर्थिक चिंताओं के बीच बाजार का रुख सतर्क बना हुआ है।’’
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.5 प्रतिशत की गिरावट के साथ 107.27 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 1,959.39 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
मंगलवार को जारी सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल में खुदरा मुद्रास्फीति मामूली रूप से बढ़कर 3.48 प्रतिशत हो गई।
एशिया के अन्य बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त में रहे।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में मिला-जुला रुख देखने को मिला। अमेरिकी बाजार में मंगलवार को ज्यादातर में गिरावट थी।
सेंसेक्स मंगलवार को 1,456.04 अंक लुढ़क कर 74,559.24 अंक पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 436.30 अंक की गिरावट के साथ 23,379.55 अंक पर रहा था।
भाषा रमण अजय
अजय