नयी दिल्ली, 13 मई (भाषा) वैश्विक टैक्सी सेवा प्रदाता उबर ने अदाणी समूह के साथ साझेदारी में भारत में अपना पहला डेटा सेंटर स्थापित करने की बुधवार को घोषणा की।
उबर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) दारा खुसरोशाही ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि यह केंद्र इस साल के अंत तक चालू होने की उम्मीद है।
खुसरोशाही ने अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी के साथ अपनी मुलाकात का जिक्र करते हुए कहा, “भारत उबर के लिए नवाचार के एक प्रमुख केंद्र के रूप में तेजी से उभर रहा है। हम अदाणी समूह के साथ मिलकर देश में अपना पहला डेटा सेंटर स्थापित कर रहे हैं, जहां हमारी प्रौद्योगिकी का परीक्षण और तैनाती की जाएगी।”
उन्होंने कहा, ‘इस साल के अंत तक तैयार होने वाला यह निवेश हमें बड़े पैमाने पर विस्तार करने में मदद करेगा- भारत से, दुनिया के लिए।”
हालांकि, इस परियोजना में निवेश की जाने वाली राशि और आकार का तत्काल खुलासा नहीं किया गया है।
भाषा राजेश राजेश प्रेम
प्रेम