छत्तीसगढ. : दो इनामी नक्सली समेत तीन नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

छत्तीसगढ. : दो इनामी नक्सली समेत तीन नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

छत्तीसगढ. : दो इनामी नक्सली समेत तीन नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
Modified Date: November 29, 2022 / 08:41 pm IST
Published Date: June 23, 2022 7:04 pm IST

दंतेवाड़ा, 23 जून (भाषा) छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में सुरक्षा बलों के सामने दो इनामी नक्सली समेत तीन नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के अधिकारियों के सामने ‘हांदावाड़ा मिलिशिया’ के कमांडर रमेश कुमार कश्यप और ‘हांदावाड़ा पंचायत जनताना सरकार’ के सदस्य बैसू मंडावी ने तथा जिले में चल रहे ‘लोन वर्राटू’ (घर वापस आइए) अभियान से प्रभावित होकर मलांगेर एरिया कमेटी के मिलिशिया सदस्य देवा राम मंडावी ने आत्मसमर्पण कर दिया है।

उन्होंने बताया कि नक्सली रमेश पर एक लाख रूपये तथा देवा पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नक्सली रमेश और बैसू ने बृहस्पतिवार को बारसूर गांव स्थित सीआरपीएफ की 195 वीं वाहिनी के मुख्यालय में आत्मसमर्पण किया। वहीं, नक्सली देवा ने पुलिस और सीआरपीएफ अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण किया।

उन्होंने बताया कि तीनों नक्सलियों ने हिंसा का मार्ग छोड़कर समाज की मुख्यधारा में जुड़कर विकास में सहयोग करने की इच्छा जताई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दंतेवाड़ा जिले में नक्सलियों की घर वापसी के लिए थाना, शिविरों और ग्राम पंचायतों में संबंधित क्षेत्र के सक्रिय माओवादियों का नाम चस्पा कर उनसे आत्मसमर्पण कर सम्मान पूर्वक जीवन यापन करने लिए आह्वान किया जा रहा है।

‘लोन वर्राटू’ अभियान के तहत अब तक जिले में 133 इनामी नक्सलियों समेत 545 नक्सलियों ने सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण किया है।

भाषा सं संजीव संजीव धीरज

धीरज


लेखक के बारे में