सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत
Modified Date: April 27, 2024 / 10:25 pm IST
Published Date: April 27, 2024 10:25 pm IST

जांजगीर—चांपा, 27 अप्रैल (भाषा) छत्तीसगढ़ के जांजगीर—चांपा जिले में सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई है। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि जिले में अरसमेटा गांव के करीब एक ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी जिससे मोटरसाइकिल सवार रामकुमार कश्यप (47), उनकी पत्नी शतरूपा बाई (42), पुत्र चंद्र प्रकाश कश्यप (19) वर्ष और तीन वर्षीय नातिन की मृत्यु हो गई है।

उन्होंने बताया कि मुलमुला थाना क्षेत्र के कोनारगढ़ गांव के निवासी रामकुमार और उनके परिवार के सदस्य आज मोटरसाइकिल से बच्ची का जन्मदिन मनाने परसदा गांव जा रहे थे। उनके मुताबिक जब वे लोग साढ़े 12 बजे अरसमेटा गांव करीब पहुंचे तब एक ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी।

अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में रामकुमार, चंद्र प्रकाश और बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई तथा शतरूपा गंभीर रूप से घायल हो गई।

उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल को घटना स्थल के लिए रवाना किया गया । उनके अनुसार रामकुमार, चंद्रप्रकाश एवं बच्ची के शवों और घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया एवं इलाज के दौरान महिला की भी मौत हो गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया था जिसे बाद में पकड़ लिया गया।

उन्होंने बताया कि घटना के बाद मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया है। पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं तथा उन्हें समझाने का प्रयास कर रहे हैं।

भाषा सं संजीव

राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में