भोपाल: मध्य प्रदेश के ऐसे खिलाड़ियों को पुलिस में सब इंस्पेक्टर और कांस्टेबल के पद पर सीधे नौकरी मिलेगी, जिन्होंने राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक हासिल किया है। सरकार ने ऐसे खिलाड़ियों को सीधे भर्ती करने के नियमों का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है, जिसके मुताबिक हर साल सब इंस्पेक्टर के 10 पद और 50 पद कांस्टेबल के 50 पदों पर खिलाड़ियों की भर्ती की जाएगी।
नोटिफिकेशन के मुताबिक उत्कृष्ट खिलाड़ियों को ऑलंपिक, एशियाड और कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने पर सीधे सब इंस्पेक्टर के पद पर नियुक्ति दी जायेगी। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के पदक विजेता खिलाड़ियों को कांस्टेबल के पद पर नियुक्ति दी जाएगी। दोनों पदों की भर्ती के लिए खिलाड़ियों के पास नियमों में निर्धारित शैक्षणिक अर्हता का होना आवश्क है। उनकी किसी प्रकार से न तो परीक्षा ली जाएगी और न ही फिजिकल टेस्ट होगा। ऐसे खिलाड़ियों को भी दोनों पदों पर सीधे नियुक्ति देने पर भी विचार किया जाएगा, जिन्होंने इन खेलों में केवल हिस्सा लिया हो।
दोनों पदों पर नियुक्ति के लिए पदक विजेता खिलाड़ियों को ऊचाई में छूट रहेगी। जबकि अन्य अर्हताएं जैसे आयु, शैक्षणिक योग्यता नियुक्ति की तारीख को लागू मध्य प्रदेश पुलिस के दोनों पदों के भर्ती नियम के अनुरूप रहेगी। पात्र खिलाड़ी को मध्य प्रदेश का मूल निवासी होने के साथ ही राज्य खेल अकादमी में कम से कम 3 साल का प्रशिक्षण प्राप्त होना चाहिए। जब इन पदों के लिए आवेदन की अंतिम तारीख से 3 वर्ष के भीतर प्राप्त पदक पाने वालों पर ही विचार किया जाएगा। इससे पुराने पदक मान्य नहीं होंगे।