रायपुर: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कल मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का तीसरा बजट पेश किया है। इतिहास में पहली बार पेपरलेस बजट पेश किया। इस बजट में सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को अब पटरी पर लाने के लिए पूरजोर कोशिश की है। वित्त मंत्री ने अपने बजट भाषण में कई रोजमर्रा की चीजों के दाम बढ़ाए हैं, तो साथ ही कई वस्तुओं को सस्ता भी किया है। वहीं, बजट को लेकर अर्थशात्रियों और राजनेताओं ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दी है। इसी कड़ी में बजट को लेकर मध्यप्रदेश कांग्रेस ने ट्वीट कर मोदी सरकार पर निशाना साधा है।
मध्यप्रदेश कांग्रेस ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा है कि ‘ऐ मिडिल क्लास अब तू बचकर कहाँ जायेगा,विधायक ख़रीदी का सारा भार तुझपे आयेगा।’ वहीं, आईबीसी 24 में इस न्यूज को प्रसारित किए जाने के बाद मध्यप्रदेश कांग्रेस ने रिट्वीट करते हुए लिखा है कि ‘मध्यमवर्ग पर मुसीबत भारी है,मोदी सरकार के हाथ कुल्हाड़ी है।’
ऐ मिडिल क्लास अब तू बचकर कहाँ जायेगा,
विधायक ख़रीदी का सारा भार तुझपे आयेगा।— MP Congress (@INCMP) February 1, 2021
इससे पहले कल बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व सीएम कमलनाथ ने ट्वीट कर लिखा था कि कोरोना के भीषण संकट काल के समय आम बजट से देशवासियों को काफी उम्मीदें थीं लेकिन इस बजट से आमजन को भारी निराशा हुई है। कोरोना महामारी में अर्थव्यवस्था ध्वस्त हुई, लेकिन ध्वस्त अर्थव्यवस्था के मद्देनजर बजट में कोई प्रावधान नहीं किया गया।
आगे उन्होंने कहा कि किसान पिछले 2 महीने से अधिक समय से आंदोलन कर रहा है, उसके लिए इस बजट में कुछ नहीं है,सिर्फ़ झूठे वादे हैं। सालों पुराना आय दोगुनी का एक बार फिर वादा, एक तरफ़ नये कृषि क़ानूनों से मंडी व्यवस्था को ख़त्म करने का काम और आज बजट में मंडी व्यवस्था को मज़बूत करने का झूठा वादा। झूठे वादों से गुमराह करने का काम ? पूर्व सीएम ने कहा ‘कोरना महामारी के बाद बड़ी संख्या में युवा वर्ग को नौकरियों से हाथ धोना पड़ा, युवा वर्ग के रोजगार को लेकर इस बजट में कुछ नहीं है।
मध्यमवर्ग पर मुसीबत भारी है,
मोदी सरकार के हाथ कुल्हाड़ी है। pic.twitter.com/K8OLnTjMb8— MP Congress (@INCMP) February 2, 2021
आम बजट पर पू्र्व सीएम कमलनाथ ने कहा कि कई साल पुरानी घोषणाओं को इस बजट में फिर दोहराने का काम किया गया। जो लोग कहते थे कि देश नहीं बिकने दूंगा,उनका आज नारा है सब चीज़ बेच दूंगा। यह इस बजट से भी स्पष्ट रूप से दिख रहा है। गरीब-मध्यमवर्गीय के लिये इस बजट में कुछ नहीं है, आयकर में छूट की उम्मीद थी लेकिन छूट नहीं बढ़ायी गयी। यह बजट महंगाई बढ़ाने वाला बजट है। पेट्रोल-डीजल-रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के मद्देनर करों में छूट की उम्मीद थी। लेकिन जनता एक बार फिर ठगी गयी।
उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर के नए नारे के साथ आंकड़ों की हेराफेरी कर देश की जनता को गुमराह करने का काम इस बजट में किया गया । जो लोग एफ़डीआई का विरोध करते थे वो आज एफ़डीआई को हर क्षेत्र में लागू कर रहे, यह बजट पूरी तरह से आमजन विरोधी और निराशाजनक बजट है।