रांची, सात अप्रैल (भाषा) झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने मंगलवार को कहा कि राज्य में स्वास्थ्य सेवा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए जल्द ही लगभग 1,200 चिकित्सकों और 7,500 सहायक नर्स मिडवाइफ (एएनएम) और सामान्य नर्स एवं मिडवाइफ (जीएनएम) की नियुक्ति की जाएगी।
अंसारी ने बताया कि राज्य के बेड़े में 247 नई एम्बुलेंस भी शामिल की जाएंगी।
रांची में विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अंसारी ने कहा, ‘‘झारखंड के प्रत्येक व्यक्ति को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है।’’
अंसारी ने कहा कि राज्य में जल्द ही स्वास्थ्य गारंटी कार्ड जारी किए जाएंगे, जिससे प्रत्येक नागरिक को बेहतर और सुलभ उपचार सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
मंत्री ने लोगों से अपील की कि वे प्रतिदिन कम से कम 45 मिनट अपने स्वास्थ्य के लिए निकालें।
उन्होंने कहा, ‘‘स्वास्थ्य ही धन है और हमें नियमित रूप से व्यायाम, योग और ध्यान करना चाहिए। हमें मोबाइल फोन का अत्यधिक उपयोग करने से बचना चाहिए। संतुलित आहार लेना चाहिए और पर्याप्त नींद लेनी चाहिए।’’
युवा पीढ़ी द्वारा मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘मोबाइल की लत लोगों को बीमार कर रही है। हमें इससे बचना चाहिए।’’
भाषा
राखी सुरेश
सुरेश