झारखंड में चोरी के 174 स्मार्टफोन ट्रेन से जब्त, बंगाल के दो लोग गिरफ्तार

Ads

झारखंड में चोरी के 174 स्मार्टफोन ट्रेन से जब्त, बंगाल के दो लोग गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - June 13, 2026 / 07:04 PM IST,
    Updated On - June 13, 2026 / 07:04 PM IST

साहिबगंज (झारखंड), 13 जून (भाषा) झारखंड के साहिबगंज जिले में पश्चिम बंगाल के दो लोगों को एक ट्रेन से गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से लगभग 59 लाख रुपये मूल्य के चोरी के 174 स्मार्टफोन बरामद हुए। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि एक गोपनीय सूचना के आधार पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़हरवा स्टेशन पर वनांचल एक्सप्रेस से उन दोनों को पकड़ा।

आरपीएफ बड़हरवा के निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि आरोपी पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के रहने वाले हैं और कथित तौर पर इन स्मार्टफोन को बांग्लादेश और नेपाल में गैर-कानूनी रूप से बेचने के लिए ले जा रहे थे।

आरपीएफ अधिकारी ने कहा, ‘‘इसके बाद, एक टीम ने गुमानी और बड़हरवा रेलवे स्टेशनों के बीच तलाशी अभियान शुरू किया। जनरल कोच की जांच के दौरान आरपीएफ कर्मियों ने दो संदिग्ध यात्रियों की पहचान की। आरपीएफ टीम को देखते ही संदिग्धों ने चलती ट्रेन से कूदकर भागने की कोशिश की।’’

उन्होंने कहा कि हालांकि, आरपीएफ के जवानों ने उन्हें रोका और पकड़ लिया।

आरपीएफ निरीक्षक ने बताया कि बड़हरवा स्टेशन पर उनके बैग की बारीकी से तलाशी लेने पर इस्तेमाल किए हुए 174 स्मार्टफोन बरामद हुए।

उन्होंने कहा, ‘‘जब्त किए गए स्मार्टफोन की कुल अनुमानित बाजार कीमत 58.95 लाख रुपये से अधिक है।’’

उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों व्यक्ति इस बात का संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए कि ये मोबाइल फोन कहां से मिले, जिसके बाद सभी स्मार्टफोन जब्त कर लिये गए।

आरपीएफ ने कानूनी कार्रवाई के लिए दोनों आरोपियों को बड़हरवा राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) को सौंप दिया।

बड़हरवा जीआरपी स्टेशन प्रभारी रामशंकर सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच चल रही है।

भाषा शुभम सुरेश

सुरेश