बांग्लादेश की आपत्ति के कारण असम में 4.35 किलोमीटर सीमा पर नहीं लग सकी बाड़: सरकार

Ads

बांग्लादेश की आपत्ति के कारण असम में 4.35 किलोमीटर सीमा पर नहीं लग सकी बाड़: सरकार

  •  
  • Publish Date - July 6, 2026 / 07:22 PM IST,
    Updated On - July 6, 2026 / 07:22 PM IST

गुवाहाटी, छह जुलाई (भाषा) असम सरकार ने सोमवार को कहा कि पड़ोसी देश के सीमा रक्षकों की आपत्तियों के कारण बांग्लादेश के साथ राज्य की सीमा के 4.35 किलोमीटर हिस्से पर कंटीली बाड़ नहीं लगाई जा सकी है।

इसके साथ ही, नदी क्षेत्र होने के कारण सीमा के 34.609 किलोमीटर हिस्से पर भी कोई बाड़ नहीं है।

असम के सीमा संरक्षण और विकास मंत्री अतुल बोरा ने यह जानकारी दी।

असम गण परिषद (अगप) की विधायक दीप्तिमयी चौधरी के एक लिखित प्रश्न के उत्तर में बोरा ने बताया कि धुबरी, दक्षिण सालमारा-मानकाचार, कछार और श्रीभूमि जिलों में फैली कुल 267.5 किलोमीटर लंबी भारत-बांग्लादेश सीमा में से 228.541 किलोमीटर हिस्से पर कंटीली बाड़ लगाने का काम पूरा हो चुका है।

उन्होंने कहा, ‘‘बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) की आपत्तियों के कारण सीमा के 4.35 किलोमीटर हिस्से पर बाड़ लगाने का काम नहीं किया जा सका। श्रीभूमि जिले में कुशियारा नदी के तट पर स्थित इस हिस्से में भारतीय नागरिक रहते हैं।’’

बोरा ने बताया कि इसके अतिरिक्त, 34.609 किलोमीटर सीमा क्षेत्र ऐसा है जो नदियों के दायरे में आता है और वहां कोई बाड़ नहीं है। इस नदी क्षेत्र में से 30.37 किलोमीटर हिस्सा धुबरी में और 4.239 किलोमीटर हिस्सा दक्षिण सालमारा-मानकाचार जिले में आता है।

मंत्री ने सदन को आश्वस्त करते हुए कहा, ‘‘नदियों के इन खुले क्षेत्रों में, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) स्थापित नौका निगरानी चौकियों के माध्यम से व्यापक एकीकृत सीमा प्रबंधन प्रणाली (सीआईबीएमएस) के तहत सीमा पर कड़ी निगरानी रखता है।’’

भाषा सुमित नेत्रपाल

नेत्रपाल