आइजोल, 30 मार्च (भाषा) आइजोल नगर निगम (एएमसी) चुनाव में 28 महिलाओं सहित कुल 68 उम्मीदवार मैदान में हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्नीस सदस्यीय एएमसी के लिए मतदान 21 अप्रैल को होगा और वोटों की गिनती 27 अप्रैल को होगी।
मिजोरम राज्य चुनाव आयुक्त डॉ. एच. लालथलांगलियाना ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सोमवार को नाम वापसी की आखिरी तारीख पर किसी भी उम्मीदवार ने अपना पर्चा वापस नहीं लिया।
उन्होंने कहा कि आगामी एएमसी चुनावों के लिए चार प्रमुख राजनीतिक दलों के 40 पुरुषों और 28 महिलाओं सहित 68 उम्मीदवार मैदान में हैं।
उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ ज़ोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम), मुख्य विपक्षी मिज़ो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) और कांग्रेस ने 19-19 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं, जबकि भाजपा ने 11 उम्मीदवार खड़े किए हैं।
एएमसी चुनावों में 1.28 लाख महिला मतदाताओं सहित 2.37 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं।
नगर निगम के अंतर्गत 19 वार्ड हैं और उनमें से छह विशेष रूप से महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।
भाषा राखी रंजन
रंजन