बीदर (कर्नाटक), नौ मई (भाषा) कर्नाटक के बीदर जिले में शनिवार सुबह एक आवारा कुत्ते ने चार महीने के नवजात को कथित तौर पर हमला कर मार डाला। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह घटना जिले के हुमनाबाद तालुक के दबलगुंडी गांव में हुई।
पुलिस के मुताबिक, शिशु के माता-पिता उसे घर के अंदर सुलाकर बाहर चले गए थे, लेकिन इस दौरान घर का दरवाजा खुला रह गया था।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दरवाजा खुला पाकर एक आवारा कुत्ता घर के अंदर घुस गया और पालने में सो रहे बच्चे पर हमला कर दिया।
उन्होंने बताया कि कुत्ते ने बच्चे के शरीर के कई हिस्सों पर बुरी तरह काटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
अधिकारी ने बताया कि जब माता-पिता ने बच्चे के रोने की आवाज सुनी और घर में वापस आए तो उन्होंने उसे खून से लथपथ पाया, जिसके बाद उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने शिशु को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि फिलहाल इस संबंध में कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है और वे मेडिकल जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।
भाषा प्रचेता प्रशांत
प्रशांत